प्रखर साहित्य समिति’ की मासिक काव्य गोष्ठी ‘अग्रहार’ के अध्यक्ष सार्जेण्ट अभिमन्यु पाण्डेय ‘मन्नू’ की अध्यक्षता में 20अक्टूबर 24 को सम्पन्न

विनय सि़ह की रिपोर्ट 

महीने के हर तीसरे रविवार को होने वाली ‘प्रखर साहित्य समिति’ की मासिक काव्य गोष्ठी ‘अग्रहार’ के अध्यक्ष सार्जेण्ट अभिमन्यु पाण्डेय ‘मन्नू’ की अध्यक्षता में 2अक्टूबर 24 को बेलवा कारखाना जनपद कुशीनगर के ओंकारेश्वर शिव मंदिर में सम्पन्न हुई।

गोष्ठी का श्रीगणेश पूर्व प्रवक्ता मंगल प्रसाद की वाणी वंदना से हुआ। गोष्ठी में सम्मिलित कवियों ने कविता, गीत ,भजन,गजल सुनाकर श्रोताओं का मन मोह लिया। प्रखर साहित्य समिति के अध्यक्ष वरिष्ठ कवि व समीक्षक श्याम नारायण गुप्त ने ‘विश्व करता साधना किसकी?’ जैसे दार्शनिक प्रश्न सम्पन्न कविता सुनाकर पूरे वातावरण को आध्यात्म में डुबोया। अग्रहार के सचिव कवि, कहानीकार , उपन्यासकार सत्य प्रकाश शुक्ल ‘बाबा’ ने पुलिस प्रशासन पर अपने भोजपुरी व्यंग्य ‘कम बेस देके इहैं फरिया ला’ के द्वारा श्रोताओं को हंसने पर मजबूर किया। वरिष्ठ कवि कन्हैया लाल श्रीवास्तव ‘सरस’ ने ‘आया नशा है जब से जीने लगा हूं मैं ; गम डाल के प्याले में पीने लगा हूं मैं’ सुनाकर लोगों को गुदगुदाया। युवा कवि ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने भोजपुरी कविता ‘दुख त केतना बा बाकी सहत बानी ; बात पर बाति आइल त कहत बानी’ सुनाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रख्यात भोजपुरी कवि स्व रामानंद राय ‘ गंवार’ के सुपुत्र अग्रहार के संगठन सचिव भूपेंद्र राय ‘गंवार’ ने किसानी कविता ‘ करैलैं किसानी किसान उनककर नांव बा’ से किसानों के प्रति अपनी सहानुभूति प्रकट की। प्रखर साहित्य समिति के महासचिव नौजवान कवि संतोष संगम ने गोष्ठी के सफल संचालन के साथ-साथ ‘है पता सबको जहां में सृष्टि का आधार है मां’ सुनाकर मां के प्रति कृतज्ञ भाव व्यक्त किया। कवि बनारसी दास, नागेंद्र पाण्डेय , रमापति त्रिपाठी शास्त्री, रामचंद्र गुप्त ,नथुनी राव,रामानंद यादव आदि कवियों ने भी अपनी- अपनी उत्कृष्ट रचनाएं प्रस्तुत कीं। काव्य गोष्ठी के अध्यक्ष अंतर्राष्ट्रीय कवि सार्जेण्ट अभिमन्यु पाण्डेय ‘मन्नू’ की कविता ‘ काश कहीं ऐसा हो जाए; चांद पर दुनिया बस जाए ; घूमने फिरने हम सब बच्चे; चंदा मामा के घर जाएं ‘ ने श्रोताओं को कल्पना लोक की सैर कराकर आनंदविभोर कर दिया। अंत में प्रखर साहित्य समिति के संरक्षक इंजि0 रविन्द्र नाथ सिंह ने आए हुए कवियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *