बांसगांव में महिला से गहने ठगने वाले गिरोह का भंडाफोड़: तीन आरोपी गिरफ्तार, बोलेरो और आभूषण बरामद

बांसगांव में महिला से गहने ठगने वाले गिरोह का भंडाफोड़: तीन आरोपी गिरफ्तार, बोलेरो और आभूषण बरामद

(बांसगाव से सुबास चंद की रिपोर्ट) 

बांसगांव थाना क्षेत्र में एक महिला से सुनियोजित ढंग से गहने ठगने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से पीली धातु के आभूषण, एक बोलेरो गाड़ी और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है।

घटना 23 जून 2025 की है, जब वादी सुनीता देवी पत्नी योगेन्द्र पांडेय, निवासी ग्राम बेलू ड़िहा, थाना बांसगांव को पंडित रवि पांडेय के घर बुलाकर झांसे में लिया गया। वहां मौजूद महिला और उसके साथियों ने उनकी चूड़ियां उतरवाकर फरार हो गए। विरोध करने पर आरोपियों ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. राजकुमार नय्यर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी दिनेश कुमार के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 29 जून 2025 को सुबह 11:15 बजे धौंसा पुलिया के पास से तीन अभियुक्तों—तसलीम अहमद (32), अमराना (25) और सज्जुननिशा (35), तीनों निवासी ग्राम घुटमा, थाना रानीपुर, जनपद मऊ—को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से एक जोड़ी बाली, एक जोड़ी कुंडल, सफेद रंग की बोलेरो (UP54N6234) और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है।

इस सफलता में उपनिरीक्षक रविन्द्र पाल, आनंद कुमार, नन्दलाल यादव, कांस्टेबल अरविन्द कुमार चौधरी, संजीव कुमार वर्मा, सोनू यादव, महिला कांस्टेबल वंदना यादव और विमला सिंह की सराहनीय भूमिका रही।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। विस्तृत जांच चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *