जवाहर लाल नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय को बीएससी पाठ्यक्रम में मिली मान्यता

जवाहर लाल नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय को बीएससी पाठ्यक्रम में मिली मान्यता

क्षेत्रीय विद्यार्थियों को अब स्थानीय स्तर पर ही मिलेगा विज्ञान स्नातक की पढ़ाई का अवसर

(बांसगांव से सुबास चंद की रिपोर्ट )
बांसगांव स्थित जवाहर लाल नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय को गणित एवं जीवविज्ञान दोनों संवर्गों में बीएससी पाठ्यक्रम की मान्यता मिलने से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। यह मान्यता दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय द्वारा शैक्षणिक सत्र 2025–26 के लिए प्रदान की गई है, जिसकी प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है।

उल्लेखनीय है कि यह महाविद्यालय विगत 25 वर्षों से बी.ए., बी.कॉम. जैसे स्नातक पाठ्यक्रमों के साथ-साथ हिंदी, समाजशास्त्र, इतिहास, गृहविज्ञान एवं बी.एड. जैसी स्नातकोत्तर व शिक्षण–प्रशिक्षण कक्षाओं में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करता आ रहा है। महाविद्यालय में एन.एस.एस. की तीन इकाइयां, एन.सी.सी., खेलकूद, वाद-विवाद, तथा रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर भी विशेष बल दिया जाता है।

अब तक क्षेत्र के विज्ञान के मेधावी छात्रों को बीएससी की पढ़ाई हेतु गोरखपुर या दूरस्थ स्थानों का रुख करना पड़ता था, जिससे उन्हें अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इस आवश्यकता को देखते हुए महाविद्यालय प्रबंधन ने गणित एवं जीवविज्ञान वर्गों में बीएससी पाठ्यक्रम प्रारंभ करने का प्रस्ताव रखा, जिसे शासन स्तर पर स्वीकृति मिल गई है।

मान्यता मिलने की खुशी में महाविद्यालय के प्रबंधक विजय कुमार सिंह बबलू, प्राचार्य डॉ. भूपेश सिंह समेत समस्त प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों के हित में इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *