भारतीय सेना के सम्मान में चौरीचौरा से उठी देशभक्ति की अलख सचिन
(विद्यार्थी बनायेंगे पेंटिंग, लिखेंगे धन्यवाद पत्र और छात्राएं तैयार करेंगी राखियां)
(चौरीचौरा गोरखपुर से आशतोष पाण्डेय की रिपोर्टर)
पंडित महामना फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी देश की रक्षा में सदैव तत्पर भारतीय सेना के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने हेतु एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन पंडित परशुराम मणि त्रिपाठी लोक कल्याण न्यास के साथ मिल कर किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत कोचिंग संस्थानों, इंटर कॉलेजों एवं डिग्री कॉलेजों के विद्यार्थियों द्वारा भारतीय सैनिकों के नाम धन्यवाद पत्र, प्रेरणादायक पेंटिंग्स और छात्राओं द्वारा स्नेहपूर्वक तैयार की गई राखियां भेजी जाएंगी।
इसी क्रम में नगर पंचायत चौरीचौरा स्थित मां सरस्वती कोचिंग सेंटर में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पंडित महामना फाउंडेशन ट्रस्ट के संस्थापक सचिन गौरी वर्मा ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को इस अभियान की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि यह प्रयास न केवल विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना को प्रबल करेगा, बल्कि उन्हें सशस्त्र सेनाओं के प्रति सम्मान प्रकट करने का अवसर भी देगा।
कार्यक्रम में भाग लेने वाले चयनित प्रतिभागियों को आगामी 26 जुलाई, कारगिल विजय दिवस के अवसर पर सम्मानित भी किया जाएगा। कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ाते हुए संस्था के डायरेक्टर अंकुर सिंह, शिक्षक संजय प्रजापति, संजीव मौर्य, योगिता सिंह, एवं फाउंडेशन की कोऑर्डिनेटर पल्लवी जायसवाल की विशेष उपस्थिति रही। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं में देश के वीर जवानों के प्रति अटूट श्रद्धा एवं प्रेम देखने को मिला। यह कार्यक्रम निश्चित रूप से राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।