छात्रों के हाथों बनी राखियां, पेंटिंग और धन्यवाद पत्र भेजे जाएंगे भारतीय सेना को

महामना फाउंडेशन ट्रस्ट, नमामि गंगे एवं पं. परशुराम मणि त्रिपाठी लोक कल्याण न्यास की अनूठी पहलबच्चों को जागरूक करती महामना इंटर्न साक्षी प्रिया

सरकारी स्कूल के बच्चियों को जागरूक करती इंटर्न साक्षी प्रिया।

देश की सीमाओं पर तैनात वीर सैनिकों के सम्मान में एक भावनात्मक और प्रेरणादायक पहल करते हुए पंडित महामना फाउंडेशन ट्रस्ट, नमामि गंगे और पंडित परशुराम मणि त्रिपाठी लोक कल्याण न्यास के संयुक्त तत्वावधान में “ऑपरेशन सिंदूर” शीर्षक के अंतर्गत एक अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान के अंतर्गत स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा निर्मित राखियां, चित्रकला और धन्यवाद पत्र भारतीय सेना को भेजे जाएंगे, ताकि रक्षाबंधन के अवसर पर सैनिकों को देश के बच्चों का स्नेह और आभार प्राप्त हो सके।

   अभियान के अंतर्गत काशी हिन्दू विश्वविद्यालय की छात्रा और ट्रस्ट की इंटर्न साक्षी प्रिया ने छित्तूपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय में बच्चों को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया। विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाचार्या एवं शिक्षिकाओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और इस राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत अभियान की सराहना करते हुए सभी विद्यार्थियों को उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

   साक्षी ने बताया कि बच्चे घर से खुद राखियां, सुंदर पेंटिंग्स और भावनात्मक धन्यवाद पत्र बनाकर विद्यालय में जमा करेंगे। इन्हें वे स्वयं एकत्र कर अभियान संचालकों तक पहुंचाएंगी, जहां से यह सामग्री भारतीय सेना को भेजी जाएगी।

   अभियान के सूत्रधार एवं पंडित महामना फाउंडेशन ट्रस्ट के संस्थापक सचिन गौरी वर्मा ने कहा, “यह अभियान बच्चों में देशभक्ति, सैनिकों के प्रति कृतज्ञता और राष्ट्रीय सम्मान की भावना को मजबूत करेगा। रक्षाबंधन जैसे पावन पर्व पर जब सैनिक सरहद पर डटे रहते हैं, तब यह राखियां उनके लिए परिवार का एहसास बनेंगी।”

    यह अनूठा अभियान न केवल बच्चों की रचनात्मकता को दिशा देगा, बल्कि उन्हें देश सेवा के मूल्यों से भी जोड़ेगा। “ऑपरेशन सिंदूर” भावनाओं, संस्कारों और राष्ट्रप्रेम का एक जीवंत प्रतीक बन रहा है।

गोरखपुर से आशुतोष कुमार पांडे की रिपोर्ट।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *