भारतीय सेना को समर्पित राखी अभियान की जानकारी देने निकलीं खुशी यादव

कार्यक्रम के लिए विद्यार्थियों को जागरूक करती खुशी यादव।

गगहा गोरखपुर।

रक्षाबंधन पर्व के पूर्व पंडित महामना फाउंडेशन ट्रस्ट एवं पंडित परशुराम मणि त्रिपाठी लोक कल्याण न्यास के संयुक्त तत्वावधान में चलाए जा रहे “भारतीय सेना सम्मान अभियान” के अंतर्गत ट्रस्ट की इंटर्न खुशी यादव द्वारा क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों एवं संस्थानों में जाकर विद्यार्थियों को भारतीय सेना के लिए राखी एवं धन्यवाद पत्र भेजने हेतु प्रेरित किया जा रहा है। खुशी के पिता का नाम पप्पू यादव है एवं यह सियर बुजुर्ग गगहा की रहने वाली है। नेशनल पी० जी० कॉलेज बड़हलगंज से इनकी पढ़ाई अभी चल रही है। एक्सीलेंस मॉडल स्कूल जहां के प्रधानाचार्य मनीष गुप्ता, एस० एस० कोचिंग सेंटर जहां के डायरेक्टर प्रो० सौरभ शुक्ला एवं शिक्षक अनुराग शुक्ला तथा प्राथमिक विद्यालय अकौना बुजुर्ग के प्रधानाचार्य कमला कांत ने खुशी के इस कार्य की बहुत तारीफ की एवं अपना सहयोग एवं आशीर्वाद दिया।

देशभक्ति से ओतप्रोत इस अभियान का उद्देश्य देश की सीमाओं की रक्षा में लगे वीर सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट करना है। खुशी यादव ने बताया कि जब उन्होंने एक स्कूल में इस अभियान की जानकारी दी, तो वहाँ के प्रबंधन ने उन्हें शिक्षिका के रूप में पढ़ाने का प्रस्ताव दिया, जिसे पाकर वे अत्यंत हर्षित हुईं।

इस अभियान में स्कूली छात्र-छात्राएँ अपने हाथों से राखियाँ बनाकर एवं दिल से लिखे गए धन्यवाद पत्रों के माध्यम से सैनिकों के प्रति प्रेम और आदर प्रकट कर रहे हैं। यह प्रयास न केवल बच्चों में रचनात्मकता का विकास कर रहा है, बल्कि उन्हें देशभक्ति के मूल्यों से भी जोड़ रहा है।

इस प्रेरणादायी अभियान के आयोजक काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र एवं पंडित महामना फाउंडेशन ट्रस्ट के संस्थापक सचिन गौरी वर्मा हैं, जो वर्षों से युवाओं में राष्ट्रभक्ति और सेवा भावना जागृत करने हेतु निरंतर प्रयासरत हैं।

कार्यक्रम संयोजकों के अनुसार, आगामी 26 जुलाई (कारगिल विजय दिवस) को इस अभियान के अंतर्गत एकत्रित राखियाँ एवं धन्यवाद पत्र भारतीय सेना को प्रेषित किए जाएंगे। इस सराहनीय पहल की क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों ने भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए उत्साहपूर्वक सहभागिता का आश्वासन दिया है।

गोरखपुर से आशुतोष कुमार पांडे की रिपोर्ट।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *