
गोरखपुर। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर (10+2) पक्कीबाग, गोरखपुर में गुरुवार को “मेहंदी लगाओ, राखी बनाओ” प्रतियोगिता का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें विद्यालय के कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों ने उत्साह, रचनात्मकता और सांस्कृतिक भावना का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में मेहंदी प्रतियोगिता में छात्राओं ने मोर, पुष्प, कलश जैसे पारंपरिक डिज़ाइनों की सुंदर प्रस्तुति दी, वहीं राखी प्रतियोगिता में छात्रों ने रंग-बिरंगी, आकर्षक व इको-फ्रेंडली राखियां तैयार कर सभी का मन मोह लिया। शिशु वाटिका के नन्हे-मुन्नों द्वारा गीत, कहानी व नृत्य प्रस्तुति ने माहौल को भावनात्मक बना दिया। बहनों ने भैयाओं को तिलक, आरती व राखी अर्पित कर पर्व की परंपरा निभाई। मुख्य अतिथि आचार्य अभयानंद पांडेय (संस्थापक- सनातन सेवाश्रम ट्रस्ट) तथा विशिष्ट अतिथि सचिन गौरी वर्मा (संस्थापक- पंडित महामना फाउंडेशन ट्रस्ट), मीनाक्षी अग्रवाल, मुकेश कुमार अग्रवाल, एडवोकेट कृष्णा निगम, शिवाकांत त्रिपाठी एवं हिमांशु तिवारी ने विद्यार्थियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय की प्रथम सहायक रुक्मिणी उपाध्याय ने कहा, “ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी छिपी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देती हैं और उन्हें अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ती हैं।” अंत में विजेताओं को पुरस्कार एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। राष्ट्रगीत के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर विद्यालय समिति के कोषाध्यक्ष महेश गर्ग सहित समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।
गोरखपुर से आशुतोष कुमार पांडे की रिपोर्ट।