
संस्था, परिवार और विश्वविद्यालय का नाम किया रोशन – मिसेज बेस्ट ड्रेस और मिसेज पीपुल चॉइस का खिताब भी जीता
पुणे महाराष्ट्र। पंडित महामना फाउंडेशन ट्रस्ट की संरक्षक एवं काशी हिंदू विश्वविद्यालय की पूर्व छात्रा अनुपमा सिंह ने गृहलक्ष्मी मिसेज इंडिया प्रतियोगिता में फर्स्ट रनरअप का खिताब जीतकर पूरे देश में इतिहास रच दिया। उन्होंने इस प्रतिष्ठित मंच पर अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व के बल पर मिसेज बेस्ट ड्रेस और मिसेज पीपुल चॉइस का खिताब भी अपने नाम किया।
संस्था के संस्थापक सचिन गौरी वर्मा ने कहा कि अनुपमा सिंह पिछले चार वर्षों से उनके साथ मिलकर निःशुल्क पर्सनैलिटी डेवलपमेंट क्लास चला रही हैं, जिसके माध्यम से भारत की 20 से अधिक प्रमुख विश्वविद्यालयों के लगभग 6000 से भी अधिक विद्यार्थियों को प्रशिक्षित किया जा चुका है। उनका यह योगदान समाज के लिए प्रेरणादायी है और उनकी उपलब्धि पूरे महामना परिवार का गौरव है।

इस भव्य प्रतियोगिता की तैयारियाँ दीवा पेजेंट्स की डायरेक्टर्स अंजना और कार्ल्स मास्कोरेन्हास एवं वंदना वर्मा के विशेष मार्गदर्शन में सुसंपन्न हुईं। संपूर्ण आयोजन को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में उनकी दूरदृष्टि और सूझबूझ ने निर्णायक भूमिका निभाई। वहीं, सुप्रसिद्ध कोरियोग्राफर पूजा सिंह की ऊर्जावान और आकर्षक कोरियोग्राफी ने हर फाइनलिस्ट को मंच पर ऐसा आत्मविश्वास, गरिमा और शालीनता प्रदान की, जिससे प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का सर्वोत्तम और प्रभावशाली प्रदर्शन दर्शकों के समक्ष प्रस्तुत किया।
इस प्रतियोगिता का मूल्यांकन देश के प्रतिष्ठित ज्यूरी पैनल ने किया, जिसमें अभिनेता एवं वेलनेस इनफ्लुएंसर आशना मालानी, अभिनेत्री एवं पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी प्राची तेहला, वरिष्ठ वकील श्याम शर्मा, भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान अंजुम चोपड़ा, बॉक्सर एवं वेलनेस कोच पियू शर्मा और एंटरप्रेन्योर सौम्या खुराना जैसी हस्तियाँ शामिल थीं। विजेताओं को मंच पर सम्मानित करने के लिए मशहूर ब्यूटी एंटरप्रेन्योर शहनाज हुसैन विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
अपनी सफलता पर प्रतिक्रिया देते हुए अनुपमा सिंह ने कहा कि इस जीत का श्रेय वे अपने पति अतुल सिंह, बेटियों कशिश और कृतिका, तथा महामना परिवार के शेषनाथ चौहान और अन्य सभी सदस्यों को देती हैं, जिन्होंने हर कदम पर उनका साथ दिया, सहयोग किया और मनोबल बढ़ाया।
पत्रकार आशुतोष कुमार पांडे की खास रिपोर्ट।