आकांक्षात्मक ब्लाक बांसगांव के भुसवल में पोषण माह पर जागरूकता कार्यक्रम, बाल अधिकारों व मातृ स्वास्थ्य पर दिया संदेश

बांसगांव गोरखपुर से  सुबास चंद की रिपोर्ट 

आज दिनांक 14 अक्टूबर 2025 को आकांक्षात्मक ब्लॉक बांसगांव के भुसवल ग्राम सभा में ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान एवं आठवें राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं बच्चों ने संयुक्त रूप से सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध महत्वपूर्ण संदेश दिए।

कार्यक्रम में बच्चों द्वारा किए गए रोल प्ले के माध्यम से दहेज उत्पीड़न, भ्रूण हत्या, बाल मजदूरी जैसी बुराइयों पर रोक लगाने की प्रेरणा दी गई। विभिन्न हेल्पलाइन नंबर साझा कर लोगों से अपील की गई कि 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों से मजदूरी न कराई जाए, बल्कि उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़कर उनके भविष्य को सुरक्षित बनाया जाए।
संदेश दिया गया — “हर बच्चे को शिक्षा का अधिकार” एवं “हर बच्चे का है अधिकार, पूरा पोषण पूरा प्यार।”
छोटी बच्चियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से पोषण और शिक्षा का महत्व उजागर किया। साथ ही सात गर्भवती महिलाओं की गोद भराई रस्म निभाई गई, जिसके माध्यम से मातृ-पोषण और सुरक्षित मातृत्व का संदेश प्रसारित हुआ।
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा पोषण युक्त व्यंजनों (रेसिपी) का प्रदर्शन कर संतुलित आहार के महत्व को समझाया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रभारी बाल विकास योजना अधिकारी सुनीता शुक्ला, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर अनुप्रिया सिंह, प्रधानाध्यापक अशोक राम त्रिपाठी, यूनिसेफ से विनय दुबे, प्रोग्रेसिव फाउंडेशन से मनीष शुक्ला सहित रिया सिंह, पूनम सिंह, प्रेमशिला, उमा, नितांजलि, प्रियंका सिंह एवं सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का सराहनीय योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *