विकसित उत्तर प्रदेश-2047 अभियान को गति देने हेतु बीडीओ ने छात्रों से की अपील
(बांसगांव से सुबास चंद की रिपोर्ट )
माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा एवं जिला प्रशासन के निर्देशन में “विकसित उत्तर प्रदेश-2047” अभियान जन-जन की भागीदारी से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी क्रम में खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) अनुरुद्ध सिंह चौहान ने मंगलवार को राम गिरीश पी.जी. कॉलेज, दुबौली में छात्र-छात्राओं के बीच संवाद स्थापित कर इस महत्वाकांक्षी पहल से जुड़ने का आह्वान किया।
छात्रो से प्राप्त किए गए 100 से अधिक सुझाव
आपको बताते चलें कि संवाद के दौरान बीडीओ ने प्रदेश के भविष्य के स्वरूप पर छात्रों से विचार साझा किए तथा उन्हें प्रदेश के विकास हेतु सुझाव देने के लिए प्रेरित किया। इसी दौरान कॉलेज परिसर में मौजूद सौ से अधिक छात्र-छात्राओं के फीडबैक मौके पर ही दर्ज कराए गए। उन्होंने युवाओं से कहा कि “आज के सुझाव ही कल के उत्तर प्रदेश की दिशा तय करेंगे, इसलिए अपनी बात खुलकर रखें।”
सम्मानित होंगे सर्वश्रेष्ठ सुझावदाता एवं संस्थान
खंड विकास अधिकारी ने बताया कि जिन व्यक्तियों के सुझाव उल्लेखनीय होंगे, उन्हें जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही जिस शिक्षण संस्थान से सर्वाधिक फीडबैक प्राप्त होंगे, उसे भी विशेष रूप से सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने इसे युवाओं के लिए सहभागी शासन की ओर एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
samarthuttarpradesh.up.nic.in पर दर्ज करें सुझाव
बीडीओ ने विद्यार्थियों सहित समस्त नागरिकों से अपील की कि वे samarthuttarpradesh.up.nic.in पोर्टल पर जाकर विकसित उत्तर प्रदेश-2047 के लिए अपने सुझाव ज़रूर दर्ज करें। उन्होंने कहा कि “प्रदेश का विकास केवल शासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक के सहयोग से ही संभव है।”
कार्यक्रम के अंत में कॉलेज प्रशासन ने बीडीओ का आभार व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि संस्थान के विद्यार्थी इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेंगे और अपने विचार प्रदेश निर्माण हेतु साझा करेंगे।