डोल मेला को लेकर हाटा कोतवाली में मंथन, सुरक्षा व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंद-
श्रीनिवास तिवारी की रिपोर्ट
हाटा जनपद कुशीनगर —- जनपद कुशीनगर के हाटा कोतवाली में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर निकलने वाले हाटा के डोलमेले की व्यवस्था को लेकर एक बैठक कोतवाली पुलिस द्वारा किया गया जिसमें इन खास अहम विंदुओं पर चर्चा हुई।
आगामी डोल मेला एवं मूर्ति विसर्जन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर हाटा कोतवाली परिसर में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष दीपक सिंह ने की। इस दौरान मेला समिति के पदाधिकारियों, संबंधित विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा गणमान्य नागरिकों के साथ मेला और विसर्जन के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।थानाध्यक्ष दीपक सिंह ने कहा कि मेले और मूर्ति विसर्जन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस-प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने समिति के पदाधिकारियों एवं नागरिकों से आपसी सहयोग, सौहार्द और भाईचारे के साथ आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
बैठक में विशेष रूप से डीजे की निर्धारित ऊंचाई और ध्वनि सीमा का कड़ाई से पालन कराने पर जोर दिया गया। साथ ही अश्लील, आपत्तिजनक अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले गीतों के प्रसारण पर पूरी तरह प्रतिबंध रखने के निर्देश दिए गए।
जर्जर बिजली तारों को लेकर बिजली विभाग अलर्ट
मूर्ति विसर्जन मार्ग पर लटकते एवं जर्जर बिजली के तारों की समस्या को भी बैठक में गंभीरता से उठाया गया। सुरक्षा की दृष्टि से इन्हें समय रहते दुरुस्त कराने के लिए बिजली विभाग के जेई मुन्ना कुमार सिंह को आवश्यक कार्रवाई के लिए अवगत कराया गया, ताकि विसर्जन जुलूस के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना की आशंका न रहे।
सफाई और यातायात व्यवस्था पर भी जोर
नगर पालिका के बड़े बाबू रमाशंकर गुप्ता को मेला परिसर एवं मूर्ति विसर्जन मार्गों पर विशेष साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। वहीं एनएच अधिकारियों के साथ सड़क की स्थिति, संभावित यातायात दबाव और आवागमन को सुचारू बनाए रखने को लेकर भी चर्चा की गई।
बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि डोल मेला एवं विसर्जन के दौरान सुरक्षा, यातायात, बिजली, साफ-सफाई और कानून-व्यवस्था से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
बैठक में डोल मेला अध्यक्ष दीपक गिरी, अक्षय रावत, विशाल कुशवाहा, मोनू गुप्ता, आकाश मद्धेशिया, सागर वर्मा, शिवम विश्वकर्मा, लाली वर्मा, दीपक कुमार, गोलू, सचिन, मारूफ खान सहित मेला समिति के कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।