सीएचसी बांसगांव में दीपावली पर एंबुलेंस कर्मियों का सम्मान मिठाई वितरण के साथ दी गई अग्रिम शुभकामनाएं, सेवा भाव की हुई सराहना

 

बांसगांव से सुबास चंद की रिपोर्ट 

दीपावली के शुभ अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बांसगांव में 102 एवं 108 एंबुलेंस सेवाओं में तैनात कर्मियों को मिठाई वितरित कर सम्मानित किया गया और उन्हें अग्रिम दीपावली की शुभकामनाएं दी गईं। अधिकारियों ने इन कर्मियों के सेवा भाव एवं आपातकालीन स्थितियों में तत्परता से कार्य करने की प्रशंसा की।
कार्यक्रम के दौरान प्रोग्राम मैनेजर वेद प्रकाश, जिला समन्वयक सोनू शर्मा, शैलेश त्रिपाठी एवं एवीएन शोएब मलिक उपस्थित रहे। सभी ने संयुक्त रूप से एंबुलेंस स्टाफ को मिठाई वितरित करते हुए कहा कि त्यौहारों पर भी आमजन की सेवा में निरंतर डटे रहना इन कर्मियों के समर्पण का प्रतीक है, जो अत्यंत सराहनीय है।
प्रोग्राम मैनेजर वेद प्रकाश ने कहा कि दीपावली के समय पटाखों से होने वाली दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है, ऐसे में एंबुलेंस कर्मियों को अधिक सतर्क रहते हुए ड्यूटी निभानी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
उल्लेखनीय है कि गोरखपुर जनपद में कुल 96 एंबुलेंस सेवाएं संचालित हैं, जिनमें 50 एंबुलेंस 102 सेवा के अंतर्गत तथा 46 एंबुलेंस 108 सेवा के अंतर्गत कार्यरत हैं। यह सभी सेवाएं 24 घंटे निःशुल्क रूप से उपलब्ध रहती हैं, जिनका लाभ 102 या 108 नंबर डायल करके लिया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *