27 अगस्त को महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय में युवाओं से वर्चुअल संवाद करेंगे पीएम मोदी

प्रेस कॉन्फ्रेंस करती गोरखपुर की जिला युवा अधिकारी सीमा पाण्डेय।

राष्ट्रीय खेल दिवस पर होगा ‘खेल की बात, पीएम मोदी के साथ’ कार्यक्रम; केंद्रीय राज्यमंत्री कमलेश पासवान होंगे मुख्य अतिथि

गोरखपुर। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 27 अगस्त 2026 को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से देशभर में ‘विकसित भारत युवा कनेक्ट–स्पोर्ट्स एडिशन’ के तहत ‘खेल की बात, पीएम मोदी के साथ’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। गोरखपुर में कार्यक्रम का मुख्य आयोजन महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय परिसर में होगा। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से देशभर के युवाओं और खिलाड़ियों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री कमलेश पासवान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

माय भारत केंद्र, गोरखपुर की जिला युवा अधिकारी सीमा पांडेय ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं, खिलाड़ियों और खेल जगत को एक साझा राष्ट्रीय मंच से जोड़ना, युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ाना, खेल संस्कृति को मजबूत करना तथा राष्ट्र निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका को और प्रभावी बनाना है।

उन्होंने बताया कि देशभर में इस पहल को व्यापक स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत प्रत्येक जिले के दो कॉलेजों में युवा कनेक्ट कार्यक्रम होंगे, जहां युवाओं को खिलाड़ियों, सांसदों, विधायकों, मंत्रियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों से संवाद का अवसर मिलेगा।

1600 से अधिक स्थानों पर जुड़ेंगे 8 लाख से ज्यादा युवा

27 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से देशभर के करीब 1600 स्थानों पर मौजूद 8 लाख से अधिक युवाओं को संबोधित करेंगे। इस दौरान खेल, फिटनेस, युवा सहभागिता और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर युवाओं को प्रेरित किया जाएगा।

जिला युवा अधिकारी सीमा पांडेय ने कहा कि देश में खेलों को लेकर बढ़ती जागरूकता, खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध अवसरों और युवा शक्ति की भूमिका को नई पीढ़ी तक पहुंचाना इस कार्यक्रम का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। साथ ही युवाओं के विचारों और आकांक्षाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।

चौरी चौरा सरदार नगर के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक सचिन गौरी वर्मा।

सरदार नगर के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक सचिन गौरी वर्मा देंगे माय भारत पर विशेष सेशन

कार्यक्रम में सरदार नगर ब्लॉक के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक सचिन गौरी वर्मा भी युवाओं और खिलाड़ियों से संवाद करेंगे। वे कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं को माय भारत पोर्टल, युवा सहभागिता, उपलब्ध अवसरों, नेतृत्व विकास और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका विषय पर विशेष सेशन देंगे।

सचिन गौरी वर्मा को माय भारत की गतिविधियों को युवाओं तक पहुंचाने और उन्हें पोर्टल से जोड़ने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने वाले राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक के रूप में जाना जाता है। उनके द्वारा कई जिलों में सबसे कम समय में 2,560 युवाओं को माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराने में मदद की गई है। उनके इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को केवल पोर्टल से जोड़ना नहीं, बल्कि उन्हें विभिन्न युवा गतिविधियों, अवसरों और राष्ट्र निर्माण से संबंधित कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा है।

प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद होगा स्थानीय युवा संवाद

प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद कार्यक्रम का फोकस स्थानीय युवा संवाद पर रहेगा। इसमें माय भारत स्वयंसेवकों, खिलाड़ियों, विद्यार्थियों और युवाओं को अपने विचार साझा करने का अवसर मिलेगा। खेल, फिटनेस, अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और विकसित भारत के लक्ष्य में युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर संवाद किया जाएगा।

माय भारत केंद्र, गोरखपुर की ओर से आयोजित इस आयोजन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से युवा, खिलाड़ी, विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक शामिल होंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रधानमंत्री का संबोधन सुनने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि युवाओं को खेल और राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़कर उन्हें सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना भी होगा।

राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक सचिन गौरी वर्मा ने कहा कि माय भारत युवाओं को अवसरों, अनुभवों और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का प्रभावी मंच है। खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करता है। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा और ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने का अवसर मिलता है।

जिला युवा अधिकारी सीमा पांडेय ने जिले के युवाओं और खिलाड़ियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में सहभागिता करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित यह आयोजन युवाओं को खेल, फिटनेस, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

आशुतोष कुमार पाण्डेय की खास रिपोर्ट।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *