हाटा विधायक एवं तहसीलदार हाटा ने अजय वर्मा की पुस्तक ‘रास्ते बुलाते हैं’ को सराहा हाटा कुशीनगर श्रीनिवास तिवारी की रिपोर्ट –
पूर्वांचल की मिट्टी में पनप रहे लेखक एवं साहित्यकार अजय वर्मा, अंग्रेजी प्रवक्ता श्री गांधी स्मारक इंटर कॉलेज हाटा, कुशीनगर ने अपनी दूसरी पुस्तक ‘रास्ते बुलाते हैं’ (यात्रा वृत्तांत) हाटा विधानसभा के लोकप्रिय विधायक माननीय मोहन वर्मा एवं तहसीलदार श्रीमती जया सिंह को भेंट की।
एक वर्ष के अंतराल में प्रकाशित यह पुस्तक उनकी पहली कृति ‘पर्वत, नदियां एवं शहरों की यात्रायें’ की सफलता के बाद सामने आई है।
इस अवसर पर विधायक मोहन वर्मा ने अजय वर्मा की लेखन प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए कहा कि हाटा विधानसभा के लिए यह गौरव का विषय है कि क्षेत्र में शिक्षक एवं साहित्यकार अपनी कलम के माध्यम से पूर्वांचल की मिट्टी पर नई इबारत लिखने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी अजय वर्मा से प्रेरणा लेकर साहित्य एवं रचनात्मक कार्यों में नए आयाम स्थापित करने चाहिए। विधायक ने लेखक के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए हाटा की मिट्टी की खुशबू को अपनी रचनाओं के माध्यम से देश के कोने-कोने तक पहुंचाने की प्रेरणा दी।
तहसीलदार श्रीमती जया सिंह ने बताया कि अजय वर्मा से उनकी पहचान मकान सूचीकरण एवं मकान गणना-2027 के लिए पर्यवेक्षक एवं प्रगणकों के प्रशिक्षण के दौरान हुई।
बातचीत के क्रम में उनकी साहित्यिक प्रतिभा और लेखन के प्रति समर्पण की जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि ‘रास्ते बुलाते हैं’ पुस्तक प्राप्त कर उन्हें अत्यंत सुखद अनुभव हुआ। यह पुस्तक नई पीढ़ी के पाठकों को विभिन्न स्थानों के बारे में जानने और यात्राओं के प्रति प्रेरित करेगी।
लेखक अजय वर्मा ने विधायक मोहन वर्मा एवं तहसीलदार श्रीमती जया सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका प्रोत्साहन साहित्यिक यात्रा को आगे बढ़ाने में प्रेरणा प्रदान करेगा।