
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी महाराज के आह्वान पर शहीद स्मारक चौरी चौरा में आयोजित हुआ ‘एक दिया शहीदों के नाम’ कार्यक्रम
चौरी चौरा (गोरखपुर)। दीपावली के पावन अवसर पर जहां पूरा देश दीपों की रोशनी से जगमगा रहा था, वहीं शहीद स्मारक चौरी चौरा के प्रांगण में राष्ट्रभक्ति, कृतज्ञता और बलिदान के सम्मान का एक अनूठा दृश्य देखने को मिला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी महाराज के आह्वान पर पंडित महामना फाउंडेशन ट्रस्ट एवं माय भारत केंद्र गोरखपुर के संयुक्त तत्वावधान में दीपावली की शाम ‘एक दिया अपने शहीदों के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर पंडित महामना फाउंडेशन ट्रस्ट के संस्थापक एवं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक सचिन गौरी वर्मा ने शहीद स्मारक परिसर में दीप प्रज्वलित कर देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में विद्या सेतु ग्लोबल इंस्टीट्यूट के दीपक आर्या के साथ सचिन गौरी वर्मा की विद्यार्थी रितिका, रेशमा, दिव्या, दीपाली, शिवानी, जानवी एवं अर्पिता ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अभिभावक के रूप में पिंकू कुमार तथा चौरी चौरा थाने के पुलिसकर्मी भी उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और इस प्रेरणादायक पहल की सराहना की।

इस अवसर पर सचिन गौरी वर्मा ने कहा कि “दीपावली केवल घरों को रोशन करने का पर्व नहीं है, बल्कि उन वीर सपूतों को याद करने का भी अवसर है, जिनके बलिदान की बदौलत आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। हमारा कर्तव्य है कि नई पीढ़ी को देश के इतिहास, शहीदों के त्याग और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों से जोड़ें।”
उन्होंने कहा कि यदि हर परिवार और हर युवा दीपावली पर एक दीपक देश के अमर शहीदों के नाम जलाए, तो यह छोटी-सी पहल आने वाली पीढ़ियों में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत कर सकती है।
कार्यक्रम में उपस्थित बच्चों के लिए यह केवल दीप प्रज्वलन नहीं, बल्कि देश के वीर सपूतों के इतिहास और उनके सर्वोच्च बलिदान को समझने का एक भावनात्मक अवसर भी बना।
संदेश स्पष्ट था—दीपावली की असली रोशनी तभी सार्थक है, जब हमारे दिलों में देश के शहीदों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का दीप सदैव प्रज्वलित रहे।
चौरी चौरा से आशुतोष कुमार पाण्डेय की खास रिपोर्ट।