दिव्यांग मित्र अक्षय की पहल, तीन जरूरतमंदों को मिला दिव्यांग प्रमाणपत्र

गोरखपुर के चौरी-चौरा क्षेत्र में एक प्रेरणादायक पहल सामने आई है। खुद दिव्यांग होने के बावजूद दिव्यांग मित्र अक्षय कुमार वर्षों से प्रमाणपत्र से वंचित जरूरतमंदों की मदद कर रहे हैं। उनके प्रयास से तीन लोगों का दिव्यांग प्रमाणपत्र बनवाया गया, जिससे अब उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने का रास्ता आसान हो गया।
चौरी-चौरा के दिव्यांग मित्र अक्षय कुमार ने जानकारी के अभाव में वर्षों से दिव्यांग प्रमाणपत्र से वंचित लोगों की खोज कर उन्हें गोरखपुर ले जाकर प्रमाणपत्र बनवाने में सहयोग किया।
मुंडेरा बाजार, शिवपुर भटोलिया निवासी सूरज, जो मानसिक रूप से दिव्यांग हैं, लगभग 20 वर्ष की उम्र तक प्रमाणपत्र नहीं बनवा सके थे। अक्षय कुमार के प्रयास से उनका दिव्यांग प्रमाणपत्र बन गया।
इसी तरह राम नगीना, जिन्हें लंबे समय से सुनाई नहीं देता था और जिनकी उम्र करीब 50 वर्ष है, उनका भी दिव्यांग प्रमाणपत्र बनवाया गया।
वहीं ब्रह्मपुर क्षेत्र के लालपुर निवासी पूनम बचपन से पैर की समस्या से जूझ रही थीं। जानकारी के अभाव में उनका भी प्रमाणपत्र नहीं बन पाया था, लेकिन अब उन्हें भी दिव्यांग प्रमाणपत्र मिल गया है।
खास बात यह है कि स्वयं दिव्यांग होने के बावजूद अक्षय कुमार जरूरतमंदों को गोरखपुर ले जाकर उनकी पूरी प्रक्रिया में सहयोग कर रहे हैं। उनके इस मानवीय प्रयास की क्षेत्र में सराहना हो रही है।