“झंडा हर कार्यकर्ता के सम्मान का प्रतीक, चाहे किसी भी पार्टी का हो”—स्नेहलता गौतम
कांग्रेस का झंडा जलाने की कथित धमकी पर कांग्रेसियों में आक्रोश, प्रशासन से कार्रवाई की मांग
चौरीचौरा, गोरखपुर।————-
चौरीचौरा क्षेत्र में कांग्रेस के झंडे को जलाने की कथित धमकी का मामला सामने आने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश बढ़ गया है। मामले को लेकर एआईसीसी मेंबर स्नेहलता गौतम ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि किसी भी राजनीतिक दल का झंडा उसके कार्यकर्ताओं के लिए आन-बान और सम्मान का प्रतीक होता है। स्नेहलता गौतम ने कहा, “झंडा हर कार्यकर्ता का सम्मान होता है। झंडा चाहे किसी भी पार्टी का हो, उसका अपमान नहीं किया जाना चाहिए।” उन्होंने आरोप लगाया कि चौरीचौरा में कुछ कथित व्यक्तियों द्वारा कांग्रेस के झंडे को जलाने की बात कही जा रही थी। इसकी जानकारी होने के बाद कांग्रेस की ओर से प्रशासन को मामले में कड़ी कार्रवाई नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी गई थी।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अभी तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं को यह स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है कि मामले में एफआईआर दर्ज हुई है या नहीं और कौन-कौन सी धाराओं में कार्रवाई की गई है।
स्नेहलता गौतम ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कांग्रेस के झंडे को जलाने अथवा उसका अपमान करने का प्रयास किया गया तो इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। उन्होंने कहा कि “कांग्रेसी चुप रहने वाले नहीं हैं। लोकतांत्रिक तरीके से अपने सम्मान और अधिकार की लड़ाई मजबूती से लड़ी जाएगी।”
मामले को लेकर स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोपहर एक बजे नई बाजार चौकी पहुंचकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। इसके बाद कार्यकर्ता नई बाजार चौराहे पर भी पहुंचे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चौराहे पर स्थिति शांतिपूर्ण रही और कार्यकर्ताओं ने किसी प्रकार का माहौल खराब करने का प्रयास नहीं किया।
इस दौरान जिला महासचिव अजवर खान, नगर अध्यक्ष रामनवल सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष दिलीप गौतम, ब्लॉक अध्यक्ष सरदार अब्दुल आस मुहम्मद समेत स्थानीय कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कानून के तहत कार्रवाई की स्थिति सार्वजनिक करने की मांग की है।