छठ महापर्व को लेकर चौरीचौरा में तैयारियां तेज, पोखरे पर सजने लगा छठ घाट
न्यूज टीम चौरीचौरा की रिपोर्ट – चेयरमैन सनी जायसवाल के निर्देश पर युद्धस्तर पर चल रहा तैयारियों का कार्य, व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का रखा जा रहा विशेष ध्यान लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर चौरीचौरा में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। गंगा प्रसाद स्मारक इंटर कॉलेज के सामने स्थित पोखरे पर छठ पूजा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए कार्य तेजी से कराया जा रहा है। श्रद्धालुओं की आस्था और सुविधा को ध्यान में रखते हुए छठ घाट की साफ-सफाई, व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक तैयारियों को जल्द पूरा कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
इस संबंध में लोकप्रिय चेयरमैन सन्नी जायसवाल के नेतृत्व में छठ घाट की व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने का कार्य कराया जा रहा है। उनका प्रयास है कि छठ महापर्व के अवसर पर घाट पर पहुंचने वाले छठ व्रतियों, महिलाओं, बच्चों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े क्योंकि छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पोखरे पर पहुंचकर अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। ऐसे में घाट की बेहतर व्यवस्था, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करना प्राथमिकता में शामिल है।