हाटा में शीघ्र होगा भगवान चित्रगुप्त मंदिर का निर्माण, कायस्थ समाज ने कलम-दवात की पूजा कर लिया संकल्प

 

हाटा में शीघ्र होगा भगवान चित्रगुप्त मंदिर का निर्माण, कायस्थ समाज ने कलम-दवात की पूजा कर लिया संकल्प
न्यूज टीम हाटा, कुशीनगर-

श्रीनिवास तिवारी की रिपोर्ट

हाटा नगर के बाघनाथ में कायस्थ समाज के लोगों ने भगवान चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना कर समाज की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। इस अवसर पर भगवान चित्रगुप्त के चित्र के समक्ष कलम और दवात स्थापित कर विधि-विधान से पूजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने भगवान चित्रगुप्त के जीवन, महत्ता और धार्मिक मान्यताओं पर प्रकाश डाला।

वक्ताओं ने कहा कि पौराणिक मान्यताओं के अनुसार भगवान चित्रगुप्त का प्राकट्य ब्रह्मा जी की 12 वर्षों की तपस्या के उपरांत उनकी काया से हुआ था। भगवान चित्रगुप्त को यमराज के दरबार में प्राणियों के कर्मों का लेखा-जोखा रखने का दायित्व सौंपा गया। वे मनुष्य के अच्छे और बुरे कर्मों का हिसाब रखते हैं, जिसके आधार पर उसके कर्मों का फल निर्धारित होता है।


इस दौरान कार्यक्रम संयोजक सचिन कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि हाटा नगर में शीघ्र ही भगवान चित्रगुप्त के भव्य मंदिर का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए समाज के लोगों के सहयोग और सहभागिता से आवश्यक पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण से समाज की धार्मिक आस्था को एक नया केंद्र मिलेगा और आने वाली पीढ़ियों को अपनी सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा।


कार्यक्रम में आचार्य शिवम तिवारी, दिनेश लाल श्रीवास्तव, सतीश श्रीवास्तव, शंभू श्रीवास्तव, कुंदन श्रीवास्तव, संतोष श्रीवास्तव, सुजीत श्रीवास्तव, प्राची श्रीवास्तव, आराध्या श्रीवास्तव सहित समाज के अनेक लोग एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। सभी ने श्रद्धापूर्वक भगवान चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *