जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले के अंतिम दिन उमड़ी भीड़, ग्रामीणों ने लिया योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

बांसगांव, गोरखपुर से सुबाष चंद की रिपोर्ट –

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बांसगांव विकासखंड अंतर्गत विद्या देवी कॉलेज ऑफ एजुकेशन, बकुलहा में आयोजित जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले के अंतिम दिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना रहा।


शिविर में स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग, पंचायती राज विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, आंगनबाड़ी, बाल विकास एवं पुष्टाहार तथा शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोगों को योजनाओं की पात्रता, लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ चिकित्सकीय परामर्श भी उपलब्ध कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष मार्कंडेय राय, निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष संजय सिंह, छात्र नेता सचिन शाही, मंडल महामंत्री अविनेश सिंह मन्नू, मनोनीत सभासद प्रमोद त्रिपाठी तथा मंडल उपाध्यक्ष धर्मपाल सिंह ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके उपरांत आयोजित सभा का संचालन प्रधान प्रतिनिधि विकास सिंह ने किया।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व जिलाध्यक्ष मार्कंडेय राय ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने लोगों से सरकारी योजनाओं की जानकारी लेकर उनका अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
वहीं निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष संजय सिंह ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान एवं विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है और जनहित की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर बीडीओ प्रभारी राहुल मिश्रा, एडीओ पंचायत अजय सिंह, प्रधान तरंग यादव, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. के.एम. अग्रवाल, गौरव सिंह एडवोकेट, राजा सिंह, प्रभात सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
शिविर के अंतिम दिन ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। कार्यक्रम का समापन जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार और आमजन की सहभागिता के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *