सचिन गौरी वर्मा एवं कृष्णा निगम ने आयोजित किया भव्य देव दीपावली रंगोली प्रतियोगिता 2026

देव दीपावली पर शहीद स्मारक में बिखरी रंगों की छटा, बालिकाओं ने रंगोली से उकेरी भारतीय संस्कृति की तस्वीर–

आशुतोष कुमार पाण्डेय/अनिल वर्मा 


श्रीराम मंदिर की रंगोली ने जीता पहला स्थान, नशा मुक्ति संदेश को दूसरा और भगत सिंह व शंकर गणेश की कलाकृति को मिला तीसरा स्थान।

देव दीपावली के पावन अवसर पर चौरी-चौरा स्थित ऐतिहासिक शहीद स्मारक परिसर रंगों और रचनात्मकता के अनूठे संगम का साक्षी बना। सोमवार, 24 नवंबर को पंडित महामना फाउंडेशन ट्रस्ट एवं माय भारत केंद्र गोरखपुर के संयुक्त तत्वावधान में भव्य देव दीपावली रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र की बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी कलात्मक प्रतिभा, कल्पनाशीलता तथा सृजनात्मक कौशल से रंगों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जागरूकता के विविध संदेश प्रस्तुत किए।


प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने आकर्षक रंगोलियों के जरिए अपनी कला का ऐसा प्रदर्शन किया कि हर कलाकृति लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गई। किसी ने धार्मिक आस्था को रंगों में उकेरा तो किसी ने राष्ट्रभक्ति और सामाजिक सरोकारों को अपनी रचना का विषय बनाया। निर्णायक मंडल ने कलाकृतियों की सुंदरता, विषयवस्तु, मौलिकता और प्रस्तुति के आधार पर विजेताओं का चयन किया।
प्रतियोगिता में श्रीराम मंदिर की आकर्षक रंगोली ने प्रथम स्थान हासिल किया। भारत के मानचित्र के साथ नशा मुक्ति का संदेश देने वाली रंगोली दूसरे स्थान पर रही, जबकि शहीद भगत सिंह एवं शंकर गणेश पर आधारित कलाकृति को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। विजेता प्रतिभागियों को क्रमशः 2,100 रुपये, 1,100 रुपये एवं 500 रुपये की नकद पुरस्कार राशि तथा स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी चंद्र भूषण, मुन्ना भुज, मनीष वर्मा, श्याम यादव एवं दीपक आर्या ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के मुख्य आयोजक पंडित महामना फाउंडेशन ट्रस्ट के संस्थापक एवं राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक सचिन गौरी वर्मा तथा एडवोकेट कृष्णा निगम रहे। वहीं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर शिवा चौधरी एवं प्रियांशु ने आयोजन को सफल बनाने में विशेष सहयोग प्रदान किया। ऐतिहासिक शहीद स्मारक परिसर में आयोजित इस प्रतियोगिता ने देव दीपावली के उत्सव में रचनात्मकता और सांस्कृतिक चेतना के रंग भर दिए। खास बात यह रही कि बालिकाओं ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ-साथ नशामुक्त समाज और देशभक्ति का संदेश भी दिया। कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, विजेताओं एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *