शासन से हाटा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा सिकटिया में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने की मंजूरी 

श्रीनिवास तिवारी की रिपोर्ट 


हाटा विधायक मोहन वर्मा के प्रस्ताव पर ग्राम सभा सिकटिया में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाए जाने का रास्ता साफ हो गया है । हाटा विधायक मोहन वर्मा ने सूबे के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को पत्र लिखकर हाटा के सिकटिया में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाए जाने की मांग की थी तथा सदन में नियम 301 के अंतर्गत मुद्दा भी उठाया था। शासन से दिनांक 15 जून 2026 को जारी किए गये पत्र में ग्राम सभा सिकटिया में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाए जाने की मंजूरी दे दी है । शासन ने जिलाधिकारी कुशीनगर और मुख्य चिकित्सा अधिकारी कुशीनगर से आख्या उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया है । ग्राम सभा सिकटिया में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनने से लगभग 32 हजार की आबादी लाभान्वित होगी तथा आस पास चके ग्रामसभा क्रमश: मुड़िला हरपुर ,गौनरिया ,अथरहा, पिपरा ,लंगड़ी ,देवराजपिपरा तथा दुबौली की जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगा । ध्यातव्य हो कि ग्राम सभा सिकटिया और आस पास की जनता को छोटी बड़ी बिमारी के उपरांत 7 कि0मी0 दूर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मोतीचक या 16 कि0मी0 दूर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हाटा जाना पड़ता है जिससे उन्हें कठिनाईयों का सामना करना पड़ता है । विधायक मोहन ने दूराभाष पर बताया कि उत्तर प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाटा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाए जाने की विशेष अनुमति प्रदान की है । प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिकटिया आमजनों व क्षेत्रीय जनमानस के लिए मील का पत्थर साबित होगा । प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के बनने से बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल पाएगा तथा हजारों लोग लाभान्वित होंगे। श्री वर्मा ने कुशीनगर के सांसद विजय कुमार दूबे का भी आभार जताया जिनके नेतृत्व में जनपद कुशीनगर का उत्तरोत्तर विकास हो रहा है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *