छात्राओं को प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना, साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल साक्षरता का दिया जाएगा प्रशिक्षण
डिजिटल युग में छात्राओं को तकनीकी रूप से जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में नेहरू स्मारक बालिका इंटर कॉलेज, चौरी चौरा में 7 दिवसीय नि:शुल्क डिजिटल साक्षरता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। विद्यालय प्रशासन द्वारा कार्यक्रम को औपचारिक अनुमति प्रदान कर दी गई है। लगभग 2000 से अधिक छात्राओं वाले इस विद्यालय में आयोजित होने जा रहा यह अभियान क्षेत्र के सबसे बड़े छात्रा-केंद्रित डिजिटल जागरूकता कार्यक्रमों में माना जा रहा है।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम माय भारत केंद्र गोरखपुर, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार तथा पंडित महामना फाउंडेशन ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम विद्यालय की प्राचार्या सुनीता सिंह के मार्गदर्शन में प्रदेश के सर्वोच्च युवा सम्मान “विवेकानंद यूथ अवॉर्ड” से सम्मानित सचिन गौरी वर्मा एवं उनकी टीम द्वारा संचालित किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं को प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना, डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन शिक्षा प्लेटफॉर्म, डिजिटल भुगतान, सरकारी ऑनलाइन सेवाओं के उपयोग, सोशल मीडिया के सुरक्षित एवं सकारात्मक प्रयोग तथा मोबाइल एवं कंप्यूटर की मूलभूत जानकारी का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रतिदिन एक घंटे तक चलने वाला यह प्रशिक्षण पूर्णतः नि:शुल्क रहेगा।
सचिन गौरी वर्मा ने बताया कि आज के समय में डिजिटल जानकारी केवल सुविधा नहीं बल्कि आवश्यकता बन चुकी है। ग्रामीण एवं अर्धशहरी क्षेत्रों की छात्राओं को तकनीकी रूप से मजबूत बनाना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है, ताकि वे शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं भविष्य के रोजगार अवसरों में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।
विद्यालय परिवार एवं स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम छात्राओं के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास एवं तकनीकी दक्षता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा “डिजिटल इंडिया” अभियान को जमीनी स्तर पर मजबूती प्रदान करेगा।