चौरी-चौरा के सेंट्रल पब्लिक एकेडमी को मिला ‘बेस्ट ऑल राउंडर स्कूल अवॉर्ड
आशुतोष कुमार पाण्डेय की रिपोर्ट –
शिक्षा, खेल और सर्वांगीण विकास में उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित हुआ विद्यालय
चौरी-चौरा। क्षेत्र के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सेंट्रल पब्लिक एकेडमी, चौरी-चौरा को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए इंडियन एजुकेशन समिट, लखनऊ के चौथे संस्करण में प्रतिष्ठित ‘बेस्ट ऑल राउंडर स्कूल अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान विद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
लखनऊ में आयोजित भव्य समारोह में विद्यालय के चेयरमैन डॉ. अभिमन्यु कुमार दुबे ने यह सम्मान ग्रहण किया।
इस अवसर पर विद्यालय समूह के ग्रुप हेड कौस्तुभ प्रकर्ष मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने शिक्षा के बदलते स्वरूप, नवाचार और विद्यार्थियों के समग्र विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
समिट में देशभर के कई प्रतिष्ठित शिक्षाविदों और शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में लखनऊ पब्लिक स्कूल एंड कॉलेजेज के चेयरमैन डॉ. एस.पी. सिंह तथा जीवीएन द ग्लोबल स्कूल की चेयरपर्सन डॉ. शालिनी भाटिया सहित अनेक शिक्षाविद मौजूद रहे।
विद्यालय के चेयरमैन डॉ. अभिमन्यु कुमार दुबे एवं प्रशासिका डॉ. गीता दुबे ने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान विद्यालय परिवार, शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि संस्थान को शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए और अधिक समर्पित होकर कार्य करने की प्रेरणा देगी।
इस सम्मान की घोषणा के बाद विद्यालय परिवार में उत्साह और खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों एवं अभिभावकों ने भी विद्यालय की इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।