डुमरी स्वांगीपट्टी में सड़क हादसे में मृत तीन लोगों के परिजनों से की मुलाकात, अधिकारियों को तत्काल राहत एवं योजनाओं का लाभ दिलाने के दिए निर्देश
आशुतोष कुमार पाण्डेय/श्रीनिवास तिवारी की रिपोर्ट –
हाटा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा डुमरी स्वांगीपट्टी में हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद शनिवार को क्षेत्रीय विधायक मोहन वर्मा शोकाकुल परिवारों के बीच पहुंचे। हादसे में जान गंवाने वाले विवेक सिंह, माधुरी देवी और शालू सिंह के परिजनों से मिलकर विधायक ने गहरी संवेदना व्यक्त की और इस दुःख की घड़ी में हर संभव सहयोग एवं सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।
गौरतलब है कि हाल ही में हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की असमय मृत्यु से पूरा क्षेत्र शोक में डूब गया था। विधायक मोहन वर्मा ने दिवंगतों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि यह क्षति कभी पूरी नहीं की जा सकती, लेकिन सरकार और प्रशासन हर कदम पर पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं।
परिजनों से बातचीत के दौरान विधायक भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि एक ही गांव के तीन लोगों का एक साथ दुनिया छोड़ जाना पूरे क्षेत्र के लिए अत्यंत पीड़ादायक है। विशेष रूप से उन मासूम बच्चों की स्थिति बेहद मार्मिक है, जिनके सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं शोक संतप्त परिवारों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
विधायक ने मौके से ही संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर निर्देश दिए कि मृतकों के आश्रितों को कृषक दुर्घटना बीमा योजना सहित शासन की सभी पात्र योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों से सहायता संबंधी समस्त औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा करने और पीड़ित परिवारों को किसी प्रकार की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए।
मोहन वर्मा ने कहा कि जनता के सुख-दुःख में साथ खड़ा रहना जनप्रतिनिधि का पहला दायित्व है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शासन स्तर पर जो भी संभव सहायता होगी, उसे जल्द से जल्द पीड़ित परिवारों तक पहुंचाया जाएगा।
इस दौरान विधायक ने ग्रामीणों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं थोड़ी सी सावधानी बरतने से रोकी जा सकती हैं। उन्होंने लोगों से वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं क्षेत्रीय लोगों ने भी दिवंगत आत्माओं को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
दुःख की इस घड़ी में विधायक मोहन वर्मा की संवेदनात्मक उपस्थिति ने पीड़ित परिवारों को यह भरोसा दिलाया कि वे अकेले नहीं हैं और शासन-प्रशासन हर संभव सहयोग के लिए उनके साथ खड़ा है।