महादेव प्रसाद इंटर कॉलेज में गूंजा हरियाली का संदेश
आशुतोष कुमार पाण्डेय की रिपोर्ट-
प्रदेश सरकार के “वृक्षारोपण महायज्ञ-2026” एवं “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत 1 जुलाई से 7 जुलाई तक संचालित “आम बहार आपके द्वार” महाअभियान के तहत चौरी-चौरा स्थित महादेव प्रसाद इंटर कॉलेज परिसर में माय भारत केंद्र गोरखपुर के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक सचिन गौरी वर्मा के संयोजन में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय जायसवाल जी रहे, जिन्होंने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य संजय जायसवाल जी ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि प्रत्येक छात्र को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। कार्यक्रम के संयोजक सचिन गौरी वर्मा ने विद्यार्थियों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम में वन विभाग की ओर से वनक्षेत्राधिकारी अमन जैन, ब्रह्मपुर सेक्शन अधिकारी हिमांशु गोंड, सरदारनगर सेक्शन अधिकारी आशुतोष मिश्रा, ब्रह्मपुर बीट प्रभारी धीरज कुमार सिंह तथा सरदारनगर बीट प्रभारी रामचन्द्र यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण कर अभियान को सफल बनाया।