उपजिलाधिकारी के निर्देश से माय भारत अभियान को मिली प्रशासनिक मजबूती, विभागों को सहयोग के आदेश

उपजिलाधिकारी के निर्देश से माय भारत अभियान को मिली प्रशासनिक मजबूती, विभागों को सहयोग के आदेश-

आशुतोष कुमार पाण्डेय की रिपोर्ट –

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत केंद्र गोरखपुर द्वारा माय भारत (मेरा युवा भारत) गहन पंजीकरण एवं जन-जागरूकता अभियान को चौरी-चौरा तहसील क्षेत्र में प्रशासनिक स्तर पर बड़ी मजबूती मिली है। जिला युवा अधिकारी सीमा पाण्डेय के अनुरोध पर उपजिलाधिकारी, चौरी-चौरा ने अभियान के प्रभावी संचालन हेतु खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी एवं पूर्ति निरीक्षक को आवश्यक सहयोग, समन्वय तथा अभियान को सफल बनाने के निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन के इस निर्णय से अभियान को व्यापक गति मिलने की उम्मीद है।

 

गौरतलब है कि यह अभियान 01 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक पूरे देश में संचालित किया जा रहा है। चौरी-चौरा तहसील क्षेत्र में अभियान के संचालन का दायित्व राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक सचिन गौरी वर्मा एवं पल्लवी जायसवाल को सौंपा गया है। दोनों स्वयंसेवक विद्यालयों, ग्राम पंचायतों एवं विभिन्न विभागों के सहयोग से युवाओं का पंजीकरण कराने के साथ-साथ उन्हें राष्ट्र निर्माण, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं स्वयंसेवा की भावना से जोड़ने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चला रहे हैं।

राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक सचिन गौरी वर्मा युवाओं के बीच अपनी सक्रिय सामाजिक भूमिका के लिए पहले से ही पहचान रखते हैं। युवाओं एवं समाज के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के करकमलों द्वारा प्रदेश के सर्वोच्च युवा सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है। उनके अनुभव एवं नेतृत्व का लाभ इस अभियान को भी मिल रहा है, जिसके चलते विभिन्न शिक्षण संस्थानों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं का उत्साहपूर्वक पंजीकरण कराया जा रहा है।उपजिलाधिकारी के निर्देशों के बाद अब विकास, शिक्षा एवं पूर्ति विभाग अभियान के सफल संचालन में समन्वित रूप से सहयोग करेंगे। इससे तहसील क्षेत्र के प्रत्येक ग्राम पंचायत, विद्यालय एवं संबंधित विभागों तक अभियान की प्रभावी पहुँच सुनिश्चित होगी तथा अधिक से अधिक युवाओं को माय भारत से जोड़ने का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकेगा।जिला युवा अधिकारी सीमा पाण्डेय ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासनिक सहयोग और विभिन्न विभागों की सहभागिता से अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप मिलेगा तथा चौरी-चौरा तहसील युवा पंजीकरण के क्षेत्र में एक नई मिसाल स्थापित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *