पंद्रह मील से हाटा तक पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और जयघोष भाजपा कार्यकर्ताओं के जोश से गूंजा पूरा इलाका
श्रीनिवास तिवारी की रिपोर्ट-
भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय के जनपद में प्रथम आगमन पर शुक्रवार को हाटा विधानसभा क्षेत्र भाजपा के रंग में रंग गया। हाटा विधायक मोहन वर्मा के नेतृत्व में पंद्रह मील, सुकरौली और हाटा के बाघनाथ चौराहा समेत विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और गगनभेदी नारों के बीच उनका ऐतिहासिक स्वागत किया। पूरे मार्ग पर समर्थकों की भारी भीड़ और उत्साह ने आयोजन को शक्ति प्रदर्शन का स्वरूप दे दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पंद्रह मील स्थित भगवान बुद्ध की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुआ। विधायक मोहन वर्मा और क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने श्रद्धासुमन अर्पित कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, विकास और जनकल्याण की कामना की।
इसके बाद स्वागत यात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ी, वैसे-वैसे जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर और मालाएं पहनाकर क्षेत्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन किया। “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “भाजपा जिंदाबाद” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। कई स्थानों पर ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक स्वागत के साथ भाजपा नेताओं का अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर विधायक मोहन वर्मा ने कहा कि क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय के नेतृत्व में संगठन नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
अपने संबोधन में विनोद राय ने विधायक मोहन वर्मा और सभी कार्यकर्ताओं के आत्मीय स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास, सुशासन और सेवा के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना ही संगठन का प्रमुख लक्ष्य है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल एवं बूथ स्तर के कार्यकर्ता तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में संगठन की एकजुटता, अनुशासन और कार्यकर्ताओं का उत्साह साफ दिखाई दिया। भाजपा नेताओं ने इसे आगामी संगठनात्मक गतिविधियों के लिए कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और विश्वास का प्रतीक बताया।