रोटरी क्लब कुशीनगर ने निःशुल्क वितरित किए 400 से अधिक पौधे, पर्यावरण संरक्षण का दिया सशक्त संदेश
आशुतोष कुमार पाण्डेय/श्रीनिवास तिवारी की रिपोर्ट –
“एक पौधा, अनेक पीढ़ियों का जीवन” के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से रोटरी क्लब कुशीनगर ने रविवार की सुबह कसया स्थित गांधी चौक पर भव्य पौधा वितरण अभियान आयोजित किया। इस अभियान के तहत विभिन्न प्रजातियों के 400 से अधिक पौधों का निःशुल्क वितरण किया गया।
कार्यक्रम को लेकर नागरिकों में उत्साह का ऐसा माहौल रहा कि गांधी चौक पर पौधे लेने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। अनेक लोगों ने अपने घर, विद्यालय, प्रतिष्ठान और आसपास के क्षेत्रों में पौधारोपण करने का संकल्प भी लिया।
रोटरी के सह संरक्षक वाहिद अली ने बताया कि विगत वर्ष की भांति ही लोगों में अधिक से अधिक पौधारोपण हेतु जागरूकता फैलाने के लिए इस प्रकार का कार्यक्रम किया गया है।
रोटरी के अध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने बताया कि इन 400 पौधों में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का वितरण किया गया। इन पौधों को लेने के लिए गांधी चौक पर जनता का हुजूम उमड़ पड़ा।रोटरी के सचिव दुर्गेश चतुर्वेदी ने कहा कि रोटरी के द्वारा ऐसे कार्यक्रम होते रहेंगे, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोग पौधारोपण कर पर्यावरण को बचाने में सहयोगी बन सके।कार्यक्रम के दौरान रोटरी सदस्यों ने लोगों से केवल पौधे लेने का ही नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल करने और उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का भी आग्रह किया। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ता प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और घटते हरित क्षेत्र आज पूरी मानवता के सामने चुनौती बन चुके हैं। ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण प्रदान किया जा सकता है।
इस अवसर पर रोटरी क्लब कुशीनगर के सह संरक्षक वाहिद अली, अध्यक्ष अजय कुमार सिंह, सचिव दुर्गेश चतुर्वेदी, कोषाध्यक्ष अखिलेश शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विजय कृष्ण द्विवेदी, उपाध्यक्ष सदरे आलम, उपाध्यक्ष दिनेश यादव, उपाध्यक्ष डॉ. श्याम बिहारी जायसवाल, निदेशक अरुण वर्मा, अमित श्रीवास्तव, सह सचिव सुनील सिंह, अमरेंद्र नारायण सिंह, मीडिया प्रभारी रंजीत श्रीवास्तव, विजय कुमार गुप्त, इम्तियाज आलम, महेंद्र तिवारी, आशीष अग्रवाल, फौजिया परवीन, आदिल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।