बैटएक्स एनर्जीज को सीरीज़-ए में 105 करोड़ रुपये का निवेश, बैटरी रीसाइक्लिंग और क्रिटिकल मिनरल्स उत्पादन को मिलेगी नई रफ़्तार
न्यूज टीम की खास रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अर्जुनगंज निवासी युवा उद्यमी उत्कर्ष सिंह ने नवाचार और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उनकी सह-स्थापित कंपनी बैटएक्स एनर्जीज को सीरीज़-ए फंडिंग के तहत 105 करोड़ रुपये का निवेश प्राप्त हुआ है। यह निवेश कंपनी के विस्तार और भारत में बैटरी रीसाइक्लिंग उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कंपनी इस निवेश का उपयोग अपनी बैटरी रीसाइक्लिंग क्षमता बढ़ाने, अत्याधुनिक अनुसंधान एवं विकास (R&D) को गति देने और बुलंदशहर स्थित क्रिटिकल मिनरल्स रीसाइक्लिंग संयंत्र के विस्तार में करेगी। इससे देश में लिथियम, कोबाल्ट, निकेल और ग्रेफाइट जैसे महत्वपूर्ण खनिजों की घरेलू उपलब्धता बढ़ेगी और आयात पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।
बैटएक्स एनर्जीज पुरानी और अनुपयोगी लिथियम-आयन बैटरियों से मूल्यवान खनिजों को पुनः प्राप्त कर उन्हें दोबारा औद्योगिक उपयोग के लिए तैयार करती है। यह तकनीक न केवल पर्यावरण संरक्षण में अहम भूमिका निभाती है, बल्कि भारत के तेजी से बढ़ते इलेक्ट्रिक व्हीकल और स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र को भी मजबूती प्रदान करती है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उत्कर्ष सिंह ने कहा कि उनका सपना उत्तर प्रदेश को स्वच्छ ऊर्जा, हरित प्रौद्योगिकी और नवाचार का अग्रणी केंद्र बनाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि कंपनी के विस्तार से प्रदेश में नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे, युवाओं को अत्याधुनिक तकनीक के क्षेत्र में काम करने का मौका मिलेगा और भारत आत्मनिर्भर ऊर्जा की दिशा में एक और मजबूत कदम बढ़ाएगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह फंडिंग केवल एक स्टार्टअप की सफलता नहीं, बल्कि भारत के ग्रीन एनर्जी मिशन और सर्कुलर इकोनॉमी को गति देने वाली बड़ी उपलब्धि है। लखनऊ के युवा उद्यमी की यह कामयाबी उत्तर प्रदेश के स्टार्टअप इकोसिस्टम के लिए भी प्रेरणादायक मिसाल बनकर उभरी है।