
चौरी चौरा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राष्ट्रव्यापी “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान” का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर चौरी चौरा के लोकप्रिय विधायक माननीय ई० सरवन निषाद ने राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक (NYV) सचिन गौरी वर्मा के साथ प्रधानमंत्री का लाइव संबोधन देखा। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री द्वारा युवाओं से नशा मुक्त भारत के निर्माण का आह्वान किया गया, जिससे प्रेरित होकर सरदार नगर विधानसभा क्षेत्र में भी व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के उपरांत विधायक ई० सरवन निषाद के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक सचिन गौरी वर्मा ने घोषणा किया कि आगामी 100 हफ्तों तक प्रत्येक रविवार सरदार नगर ब्लॉक के विभिन्न गांवों, वार्डों एवं चौपालों में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ना तथा प्रधानमंत्री के “विकसित भारत–2047” के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है।
सचिन गौरी वर्मा ने बताया कि अभियान के अंतर्गत युवाओं को खेल एवं फिटनेस से जोड़ने के लिए खेलकूद प्रतियोगिताएं, वॉकथॉन एवं साइकिल रैली आयोजित की जाएंगी। साथ ही योग एवं ध्यान शिविरों के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाएगा। नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जनसंवाद, शपथ ग्रहण एवं जागरूकता रैलियों के माध्यम से नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर लोगों को नशा छोड़ने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संदेश दिया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक ई० सरवन निषाद ने कहा कि “युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि हमारी युवा पीढ़ी स्वस्थ, जागरूक और नशा मुक्त होगी, तभी विकसित भारत का सपना साकार होगा। पंडित महामना फाउंडेशन ट्रस्ट तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के माय भारत केंद्र गोरखपुर के माध्यम से सरदार नगर का प्रत्येक युवा इस अभियान से जुड़ेगा और इसे जनआंदोलन का रूप देगा।”
राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक सचिन गौरी वर्मा ने विधायक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सरदार नगर ब्लॉक के प्रत्येक गांव तक पहुंचकर अधिक से अधिक युवाओं, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संगठनों एवं आम नागरिकों को इस अभियान से जोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि “नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे मजबूत नींव हैं। आने वाले 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार यह अभियान निरंतर चलेगा और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास करेगा।”
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित युवाओं एवं गणमान्य नागरिकों ने सामूहिक रूप से नशा मुक्त भारत–विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लेते हुए नशा मुक्ति की शपथ ग्रहण की।

इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि अमित जायसवाल एवं कई ग्राम प्रधान उपस्थित रहे तथा सचिन की बहुत सारी विद्यार्थी भी ऑनलाइन इस कॉन्फ्रेंसिंग में जुड़ी रही जिनमें कृति पाण्डेय, रौनक वर्मा, मनीषा श्रीवास्तव, तान्या एवं श्रेया छपोलिया प्रमुख रही।
आशुतोष कुमार पाण्डेय की खास रिपोर्ट।