*50 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल गिरफ्तार इलाज के बहाने पुलिसकर्मी की सरकारी पिस्टल छीनकर भागा था आरोपी झड़वा रेलवे अंडरपास के पास पुलिस ने घेरकर दबोचा

अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तरयासुजान पुलिस, तमकुहीराज पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में 50 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक सरकारी पिस्टल, एक खोखा कारतूस और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के मुताबिक आशु कुमार यादव पुत्र रामइकबाल यादव, निवासी बिन्दवलिया, थाना कुचायकोट, जनपद गोपालगंज, बिहार, थाना तरयासुजान में दर्ज मुकदमे में वांछित चल रहा था। उस पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। 30 अगस्त को उपनिरीक्षक विवेक अवस्थी की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया था।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के कुछ समय बाद आरोपी ने पेट में तेज दर्द होने की बात कही। इसके बाद उसे हवालात से निकालकर उपनिरीक्षक रविकान्त सिंह और कांस्टेबल रुपेश यादव की सुपुर्दगी में उपचार के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में आरोपी ने कथित रूप से बहाना बनाकर वाहन से उतरते ही उपनिरीक्षक रविकान्त सिंह की सरकारी पिस्टल होल्स्टर से निकाल
ली और उसे कॉक कर पुलिसकर्मी पर तान दिया। इसके बाद वह पिस्टल लेकर मौके से भागने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही तरयासुजान, तमकुहीराज पुलिस और स्वाट टीम सक्रिय हो गई। संयुक्त पुलिस टीम ने झड़वा रेलवे अंडरपास के समीप घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, घिरता देख आरोपी ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।
इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान मौके से एक सरकारी पिस्टल, एक खोखा कारतूस तथा आठ जिंदा कारतूस मय मैगजीन बरामद किए गए। घायल आरोपी को तत्काल पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इन टीमों ने की कार्रवाई
कार्रवाई में थानाध्यक्ष नितिन रघुनाथ श्रीवास्तव के नेतृत्व में थाना तरयासुजान पुलिस टीम, प्रभारी निरीक्षक गिरजेश उपाध्याय के नेतृत्व में थाना तमकुहीराज पुलिस टीम तथा स्वाट प्रभारी उपनिरीक्षक स्वतंत्र देव सिंह की टीम शामिल रही। इसके अलावा उपनिरीक्षक बृजेश सिंह, उपनिरीक्षक भूपेन्द्र प्रसाद, उपनिरीक्षक विवेक अवस्थी, कांस्टेबल रामनिवास यादव, रुपेश यादव, रामलखन यादव और एजाज अंसारी ने भी कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।