नेपाल आपदा में लापता नथुनी प्रसाद की तलाश तेज, विधायक मोहन वर्मा ने अधिकारियों से की प्रभावी कार्रवाई की अपील-
श्रीनिवास तिवारी की रिपोर्ट
विधानसभा क्षेत्र हाटा के ग्राम सभा सत पोखरिया भलुही निवासी नथुनी प्रसाद पुत्र रामलाल, जो नेपाल स्थित एक पावर प्लांट में कार्यरत थे, 26 अगस्त को आई प्राकृतिक आपदा के दौरान लापता हो गए। घटना के बाद से परिवार में चिंता का माहौल है और अब तक नथुनी प्रसाद से कोई संपर्क नहीं हो सका है।
मामले की जानकारी मिलते ही हाटा विधायक मोहन वर्मा ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क किया और नथुनी प्रसाद की तलाश एवं सकुशल बरामदगी के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की।
विधायक के निर्देश पर स्थानीय प्रशासन नेपाल प्रशासन तथा पावर प्लांट प्रबंधन से समन्वय स्थापित कर आवश्यक जानकारी जुटाने और उनकी तलाश में सहयोग कर रहा है। प्रशासनिक स्तर पर मामले की लगातार निगरानी की जा रही है।
विधायक मोहन वर्मा ने कहा कि नथुनी प्रसाद की सकुशल वापसी सर्वोच्च प्राथमिकता है। परिवार को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा और प्राप्त होने वाली प्रत्येक जानकारी परिजनों तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने ईश्वर से नथुनी प्रसाद के सकुशल होने तथा शीघ्र परिवार के बीच लौटने की प्रार्थना की।