विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में भाग लेकर बढ़ाया गांव का मान, आर्या क्लासेज चौरी चौरा में मंच पर हुआ सम्मान

चौरी चौरा। विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी और नेतृत्व को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ में पंसरही गांव की बेटी सोनम पासवान, पुत्री श्री उमेश पासवान, ने प्रतिभाग कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया।
सोनम ने इस कार्यक्रम में सहभागिता के बाद भारत सरकार द्वारा डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराए गए सरकारी प्रमाणपत्र को स्वयं प्रिंट करवाया और इसे केवल डिजिटल रूप में रखने के बजाय अपने शिक्षण संस्थान में शिक्षकों के हाथों सम्मानपूर्वक प्राप्त करने की पहल की।
इसी क्रम में नेहरू स्मारक बालिका इंटर कॉलेज के समीप स्थित आर्या क्लासेज में सोनम पासवान को उनके प्रमाणपत्र से सम्मानित किया गया। यह प्रमाणपत्र युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक सचिन गौरी वर्मा एवं उनके शिक्षक दीपक आर्या के हाथों प्रदान किया गया।
सोनम की इस पहल की खास बात यह रही कि जहां कार्यक्रम में भाग लेने वाले युवाओं को प्रमाणपत्र डिजिटल माध्यम से सरकार द्वारा प्राप्त हो रहा है, वहीं सोनम ने उसे प्रिंट करवाकर अपने शिक्षकों के हाथों सम्मान के रूप में ग्रहण किया। इससे उनके अंदर अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान और उपलब्धि को सामाजिक रूप से साझा करने की भावना भी देखने को मिली।
इस अवसर पर शिक्षकों एवं उपस्थित लोगों ने सोनम को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों का ऐसे राष्ट्रीय स्तर के युवा कार्यक्रमों में आगे बढ़कर भाग लेना समाज के लिए प्रेरणादायक है। सोनम की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार और पंसरही गांव के लिए गर्व का विषय है, बल्कि आसपास के अन्य विद्यार्थियों और युवाओं के लिए भी प्रेरणा का संदेश है।
सोनम पासवान की यह छोटी-सी पहल एक बड़ा संदेश देती है—सरकार द्वारा डिजिटल रूप से मिले अवसरों को धरातल पर सम्मान और प्रेरणा में बदलने का काम युवा स्वयं कर सकते हैं।
आशुतोष कुमार पाण्डेय की खास रिपोर्ट।