पीएलएस ग्लोबल स्कूल में धूमधाम से मनाई गई गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती
हाटा, कुशीनगर
जनपद कुशीनगर तहसील क्षेत्र हाटा के कुरमौटा मंझरिया स्थित पीएलएस ग्लोबल स्कूल में गुरुवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से दोनों महापुरुषों के जीवन, आदर्शों, त्याग एवं राष्ट्र के प्रति उनके अमूल्य योगदान को याद किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के डायरेक्टर गरुण पाण्डेय, चेयरमैन ऋषिकेश पाण्डेय एवं वाइस चेयरमैन कृष्णा पाण्डेय सहित कासिम सर, क्षितिज सर, अनवरुल सिद्दीकी, विनय सर, गुड्डू सर, अपूर्वा सर समेत विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, शांति एवं स्वच्छता के सिद्धांतों तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा के आदर्शों को स्मरण किया गया। वक्ताओं ने कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन आज भी समाज और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही एक सशक्त, समृद्ध एवं आदर्श राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को महापुरुषों के विचारों एवं उनके जीवन संघर्षों से परिचित कराते हुए उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय परिवार ने दोनों महान विभूतियों के प्रति श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।