दिल्ली डायनामोज बनी रेडिएंट वर्ल्ड पैरा क्रिकेट चैंपियन, फाइनल में हैदराबाद को हराया

साईं बाबा पीस अवॉर्ड की मशाल लेकर दौड़े खिलाड़ी, विश्व को दिया शांति का संदेश

दिव्यांग क्रिकेटर्स ने बोला इतिहास की सबसे खूबसूरत लीग खेलने का अवसर मिला
आगरा रेडिएंट स्पोर्ट्स मैनेजमेंट प्रा. लि. के सहयोग से दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया द्वारा जेबी क्रिकेट ग्राउंड, बमरौली कटारा में आयोजित रेडिएंट वर्ल्ड पैरा क्रिकेट लीग के फाइनल मुकाबले में 13 अक्टूबर को दिल्ली डायनामोज ने हैदराबाद को हराकर चमचमाती ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। फाइनल में दिल्ली डायनामोज के कप्तान चिराग गांधी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया और निर्धारित 20 ओवर में 174 रन बनाए। हैदराबाद की ओर से साजिद तंबोली और गुलाम दिन ने 3-3 विकेट लिए। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद की टीम 15.4 ओवर में 123 रन पर ऑलआउट हो गई।
हैदराबाद के लिए मिथिलेश सिंह ने 24, सैयद शाह अजीज 19, मुकम्मल 19, लकी 18, गुलाम दिन 16 और अविनाश ने 14 रन बनाए। दिल्ली डायनामोज की ओर से रमजान अली, रजनी और जितेंद्र बाग ने 2-2 विकेट लिए। मैन ऑफ द मैच का खिताब दिल्ली के रमजान अली को दिया गया।
आयोजन सचिव हारुन रशीद ने बताया कि टूर्नामेंट के बाद दिव्यांग क्रिकेटरों ने इसे इतिहास का सबसे खूबसूरत और शानदार टूर्नामेंट करार दिया। इस लीग में प्रत्येक टीम ने 5 लीग मैच खेले, जो अब तक किसी पैरा लीग में नहीं हुआ। टूर्नामेंट में आकिब मलिक ने ऐतिहासिक 195 रन की पारी खेली, वहीं गुलाम दिन ने 103 रन बनाकर दिल जीत लिया। टूर्नामेंट की खोज युवा खिलाड़ी नितीश रहे, जो सेकंड हाईएस्ट विकेट टेकर बने। अनुभवी कैलाश प्रसाद ने 35 गेंदों पर 92 रन की धमाकेदार पारी खेली।
फाइनल में मुख्य अतिथि के रूप में 1975 में भारतीय हॉकी टीम को विश्व कप जिताने वाले अशोक ध्यानचंद ने विजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। टूर्नामेंट के ब्रांड एंबेसडर और मुख्य सहयोगी ऑशिम खेत्रपाल ने कहा यह हमारा पहला प्रयास था जो पूरी तरह सफल रहा। खिलाड़ी को खेलने के लिए ज्यादा मौके मिलने चाहिए। रेडिएंट वर्ल्ड पैरा क्रिकेट लीग दुनिया की पहली ऐसी लीग बनी जिसमें दिव्यांग खिलाड़ियों को 6 मैच खेलने का मौका मिला। पुरस्कार वितरण के बाद खिलाड़ियों ने साईं बाबा पीस अवॉर्ड की मशाल लेकर मैदान में दौड़ लगाई और सम्पूर्ण विश्व को शांति का संदेश दिया।
इस अवसर पर डॉक्टर. संजना जॉन, प्रसिद्ध एंकर सुप्रिया सक्सेना, जेबी क्रिकेट ग्राउंड के एमडी सत्येंद्र सिंह राणा, संतोष राणा, दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया की सीईओ गजल खान, उत्तर प्रदेश दिव्यांग क्रिकेट डेवलपमेंट एसोसिएशन के मुबीन खान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मैच में अंपायर नागेंद्र सिंह राजपूत, मॉरीसन गौरव कुमार तथा स्कोरर रितेश सिंह बिंद और वागीश त्रिपाठी रहे।