समाजसेवा सर्वोपरि, राजनीति से पहले इंसानियत को देते हैं प्राथमिकता : श्री राम मद्देशिया

समाजसेवा सर्वोपरि, राजनीति से पहले इंसानियत को देते हैं प्राथमिकता : श्री राम मद्देशिया

न्यूज टीम से –

श्रीनिवास तिवारी की खास रिपोर्ट –
खबर हाटा, कुशीनगर से है समाज में कुछ ऐसे व्यक्तित्व होते हैं, जिनकी पहचान किसी पद, प्रतिष्ठा या राजनीतिक ओहदे से नहीं, बल्कि उनके सेवा भाव, सरल स्वभाव और मानवीय संवेदनाओं से होती है। ऐसे ही व्यक्तित्व हैं नगर पालिका परिषद हाटा के वार्ड नंबर-2 अब्दुल हमीद नगर निवासी समाजसेवी एवं जनसेवक श्री राम मद्देशिया, जो जरूरतमंदों की सहायता और लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनने को ही अपने जीवन का वास्तविक उद्देश्य मानते हैं।
श्री राम मद्देशिया से एक विशेष मुलाकात के दौरान सामाजिक सरोकारों, जनसेवा और वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बातचीत के दौरान उन्होंने बड़े ही संवेदनशील और भावुक अंदाज में अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि राजनीति अपनी जगह है, लेकिन इंसानियत का स्थान हमेशा उससे ऊपर होना चाहिए। उनके लिए समाजसेवा कोई दिखावा या राजनीतिक लाभ प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मसंतुष्टि और मानवता के प्रति समर्पण का भाव है।
उन्होंने कहा कि समाज में आज भी ऐसे अनेक परिवार हैं, जो आर्थिक कठिनाइयों और विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं। ऐसे लोगों की पीड़ा को समझना, उनके कठिन समय में साथ खड़ा होना और यथासंभव उनकी मदद करना प्रत्येक जागरूक नागरिक का नैतिक दायित्व है। समाजसेवा का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक होता है, जब व्यक्ति बिना किसी भेदभाव के जरूरतमंदों के काम आए।
श्री मद्देशिया ने कहा कि उनका हमेशा प्रयास रहता है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सहयोग और अपनत्व का भाव पहुंचे। किसी गरीब के चेहरे पर मुस्कान लाना, किसी परेशान परिवार को संबल देना और किसी असहाय व्यक्ति के दुख में सहभागी बनना उनके लिए किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं है।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “राजनीति मेरे लिए जनसेवा का एक माध्यम हो सकती है, लेकिन इंसानियत मेरा सर्वोच्च धर्म है। मेरे लिए व्यक्ति की पहचान उसकी जाति, धर्म, वर्ग या राजनीतिक विचारधारा से नहीं, बल्कि उसके मानवीय व्यवहार और सामाजिक योगदान से होती है।”
वर्तमान राजनीतिक परिवेश पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि राजनीति में विचारों का मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन आपसी संबंधों में कटुता और सामाजिक दूरी नहीं आनी चाहिए। राजनीति का उद्देश्य समाज को जोड़ना, लोगों की समस्याओं का समाधान करना और विकास की नई राह तैयार करना होना चाहिए। जनप्रतिनिधि हो या सामान्य नागरिक, सभी को अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *