बांसगांव पुलिस की सख्ती से भारी वाहनों की नो-एंट्री लागू, जाम और हादसों से मिली राहत
बांसगांव से सुबास चंद की रिपोर्ट
तहसील क्षेत्र बांसगांव में लंबे समय से चल रही जाम और सड़क हादसों की समस्या पर अब प्रभावी नियंत्रण देखने को मिल रहा है। पहले चौराहे पर भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से जहां जाम की स्थिति बनी रहती थी, वहीं इनकी तेज रफ्तार से दुर्घटनाएं भी आम बात हो गई थीं। कस्बे के निवासियों में भय का माहौल था। इस समस्या को लेकर क्षेत्रवासियों ने कई बार उपजिलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा था।
पुलिस प्रशासन ने जनता की पीड़ा को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाए। वर्तमान समय में बांसगांव कस्बे में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस प्रशासन के दृढ़ संकल्प और क्षेत्रीय अधिकारियों की सक्रियता का परिणाम है।
इस सफल पहल के लिए क्षेत्र के लोगों ने क्षेत्राधिकारी दरवेश कुमार और चौकी प्रभारी प्रेमपाल सिंह समेत संपूर्ण पुलिस प्रशासन की खुले दिल से प्रशंसा की है। लोगों का कहना है कि इस रोक से कस्बे में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में सुधार हुआ है, जिससे आमजन ने राहत की सांस ली है।पुलिस की इस सक्रियता से यह संदेश गया है कि जनहित के मुद्दों पर प्रशासन तत्परता से कार्य करता है।