
मझगावां गगहा गोरखपुर। सीमाओं पर तैनात भारतीय सैनिकों के सम्मान में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को समर्पित अभियान की शुरुआत राधिका महाविद्यालय करवल मझगावां गगहा गोरखपुर में की गई है। पंडित महामना फाउंडेशन ट्रस्ट, नमामि गंगे और पंडित परशुराम मणि त्रिपाठी लोक कल्याण न्यास के संयुक्त तत्वावधान में शुरू हुए इस अभियान के तहत महाविद्यालय के विद्यार्थियों को राखियां, चित्रकला और धन्यवाद पत्र तैयार करने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के तहत महाविद्यालय पहुंचीं ट्रस्ट की इंटर्न व छात्रा अनुष्का नंदन ने विद्यार्थियों को बताया कि वे अपने घरों पर राखियां, पेंटिंग्स और सैनिकों के नाम भावनात्मक पत्र तैयार करेंगे, जिन्हें फाउंडेशन द्वारा सेना को भेजा जाएगा। अभियान की जानकारी मिलते ही शिक्षकों और छात्रों में खासा उत्साह देखा गया।
इस मौके पर राधिका महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ० संतोष कुमार सिंह, शिक्षक गण में रत्नेश धर दुबे, अमन श्रीवास्तव, झिनक प्रसाद, नंदिता पासवान, आराधना शर्मा, सत्या पाण्डेय, निरुपमा सिंह एवं अनेक शिक्षक गण उपस्थित रहे। महामना फाउंडेशन ट्रस्ट के संस्थापक सचिन गौरी वर्मा ने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर से विद्यार्थियों में देशभक्ति और सैनिकों के प्रति कृतज्ञता का भाव विकसित होगा। रक्षाबंधन के पर्व पर जब जवान अपने घरों से दूर रहते हैं, तो बच्चों द्वारा भेजी गई राखियां उनके लिए परिवार के स्नेह का प्रतीक बनती हैं।”
पंडित परशुराम मणि त्रिपाठी लोक कल्याण न्यास के संस्थापक एवं लेडी प्रसन्न कौर इण्टर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉक्टर दिनेश मणि त्रिपाठी का मानना है कि यह पहल बच्चों की रचनात्मकता को नई दिशा देगी और उनमें राष्ट्रीय सेवा के संस्कारों को भी मजबूत करेगी। फिलहाल, बच्चों को राखियां, चित्र और पत्र तैयार करने के लिए सूचित किया गया है, जिन्हें तय तिथि पर एकत्र कर भारतीय सेना को भेजा जाएगा।
गोरखपुर से आशुतोष कुमार पांडे की रिपोर्ट।