पंडित महामना फाउंडेशन ट्रस्ट के संस्थापक एवं काशी हिंदू विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र सचिन गौरी वर्मा को राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री माननीय योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश के सर्वोच्च युवा सम्मान विवेकानंद यूथ अवॉर्ड से लखनऊ के इंद्रा गाँधी प्रतिष्ठान में सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें डिजिटल साक्षरता, महिला सशक्तिकरण, रक्तदान तथा चौरी चौरा के गौरवशाली इतिहास पर जन-जागरूकता अभियान में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
इस सम्मान के अंतर्गत सचिन गौरी वर्मा को रू50 हजार की धनराशि का चेक, स्वामी विवेकानंद की प्रेरणादायी प्रतिमा, सम्मान स्वरूप शाल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के उपरांत सचिन गौरी वर्मा ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं है, बल्कि पूरे शहीद नगर चौरी चौरा का सम्मान है, जिसे वे अपनी जन्मभूमि को समर्पित करते हैं। उल्लेखनीय है कि सचिन गौरी वर्मा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व नगर संघचालक रामेश्वर वर्मा के पौत्र हैं।
सचिन ने बताया कि इस उपलब्धि को प्राप्त करने में लार, देवरिया के समाजसेवी साहू विशाल गुप्ता का सबसे अधिक सहयोग रहा। साथ ही उन्होंने अपने सामाजिक कार्यों में निरंतर मार्गदर्शन के लिए गोरखपुर के जिला युवा कल्याण अधिकारी अमित कुमार सिंह के प्रति विशेष आभार प्रकट किया।
इस अवसर पर उन्होंने लेडी प्रसन्न कौर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं अपने गुरु डॉ० दिनेश मणि त्रिपाठी, सब इंस्पेक्टर रामबृक्ष यादव, अमेरिका से गीता तिवारी एवं पुणे से मिसेज महाराष्ट्र अनुपमा सिंह का भी धन्यवाद किया।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर नगर चेयरमैन सन्नी जायसवाल, समाजसेवी मुन्ना कुमार भुज, पूर्व चेयरमैन ज्योति प्रकाश गुप्ता, अमित वर्मा, संजय वर्मा सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने बधाई देते हुए इसे चौरी चौरा के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।