धोबहा घाट के पास अज्ञात पिकअप की टक्कर से पिता-पुत्र गंभीर घायल

धोबहा घाट के पास अज्ञात पिकअप की टक्कर से पिता-पुत्र गंभीर घायल

अंतिम संस्कार से लौटते समय हुआ हादसा, निजी अस्पताल में चल रहा उपचार

न्यूज टीम से सुभाष चंद की खास रिपोर्ट –
बांसगांव। क्षेत्र के वार्ड संख्या-2 निवासी पिता-पुत्र बुधवार को सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों धोबहा घाट पर अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे, तभी एक अज्ञात पिकअप वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या-2 निवासी दीनानाथ गुप्ता पुत्र स्वर्गीय देवीलाल गुप्ता अपने पुत्र शेषनाथ गुप्ता के साथ हीरो होंडा एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल से धोबहा घाट पर अंतिम संस्कार में शामिल होकर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान धोबहा घाट के समीप एक अज्ञात पिकअप वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांसगांव पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। परिजन उन्हें जिला चिकित्सालय ले जाने के बजाय गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराए, जहां उनका उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि दीनानाथ गुप्ता के सिर में गंभीर चोट आई है तथा उनके घुटने को भी काफी क्षति पहुंची है। वहीं उनके पुत्र शेषनाथ गुप्ता के पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
इस संबंध में चौकी प्रभारी विकास सिंह भदौरिया ने बताया कि दुर्घटना में शामिल अज्ञात पिकअप वाहन की तलाश की जा रही है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वाहन की पहचान कर शीघ्र आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *