खबर जनपद कुशीनगर के सुकरौली क्षेत्र से है जहां क्षेत्र के पिडरा गांव के पास यह हुआ हादसा, वहीं ग्रामीणों ने कार में फंसे लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया; सभी घायल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं आपको बताते चलें कि कुशीनगर: जिले के सुकरौली विकासखंड क्षेत्र में गुरुवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। पिडरा गांव के समीप एक अनियंत्रित मारुति कार पहले सड़क किनारे खड़ी बाइक से टकराई और फिर सीधे नहर में जा गिरी। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए। ग्रामीणों की सूझबूझ और तत्परता से सभी को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
सुकरौली विकासखंड के ग्राम सभा पिडरा के समीप गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जोलहीनिया की ओर से आ रही तेज रफ्तार मारुति कार सड़क किनारे खड़ी एक बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे उतरकर नहर में जा गिरी।
दुर्घटना होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और बिना अपनी जान की परवाह किए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
हादसे में आर्यन यादव (20) पुत्र राजेश यादव, मिथिलेश यादव (29) पुत्र रामआश्रय यादव, कमलेश यादव (35) पुत्र रामआश्रय यादव, निवासी तारामंडल, गोरखपुर तथा शिवम यादव पुत्र रामकृपाल यादव, निवासी सुकरौली घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवतहा भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
उधर घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को नहर से निकलवाने की कार्रवाई भी शुरू कर दी।इस हादसे के बाद क्षेत्र में काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही। स्थानीय ग्रामीणों ने लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए वाहन चालकों से तेज रफ्तार से बचने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।