गांधी स्मारक इंटर कॉलेज में गूंजा लोकतंत्र का संदेश, स्नातक एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह का भव्य अभिनंदन

सम्मान समारोह में उमड़ी शिक्षाविदों व गणमान्य नागरिकों की भीड़, स्नातकों से अधिक से अधिक मतदाता बनकर लोकतंत्र को सशक्त बनाने का किया आह्वान

आशुतोष कुमार पाण्डेय/श्रीनिवास तिवारी की रिपोर्ट –

नगर के प्रतिष्ठित श्री गांधी स्मारक इंटर कॉलेज, हाटा का सभागार बुधवार को लोकतांत्रिक चेतना और सम्मान के अनूठे संगम का साक्षी बना। गोरखपुर-फैजाबाद मंडल के स्नातक विधायक (एमएलसी) देवेंद्र प्रताप सिंह के सम्मान में आयोजित भव्य अभिनंदन समारोह में शिक्षा जगत, सामाजिक क्षेत्र और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया। विद्यालय परिवार ने मुख्य अतिथि का बुके, शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।

-कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्रबंधक अविनाश मिश्र, प्रधानाचार्य नागेश्वर पति त्रिपाठी तथा एसएलएम पब्लिक स्कूल के निदेशक विकास मिश्रा के नेतृत्व में किया गया। पूरे समारोह में शिक्षा, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व को लेकर गंभीर विमर्श का माहौल रहा।अपने प्रेरक संबोधन में एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि—–

लोकतंत्र की असली ताकत जागरूक और शिक्षित मतदाता होते हैं। उन्होंने स्नातक वर्ग से आगामी स्नातक निर्वाचन में अधिक से अधिक संख्या में मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने और अपने मताधिकार का जिम्मेदारी के साथ प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि “जब शिक्षित समाज मतदान में सक्रिय भागीदारी निभाता है, तभी लोकतंत्र मजबूत होता है और विकास की नई दिशा तय होती है।”उन्होंने युवाओं से शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक और लोकतांत्रिक दायित्वों के निर्वहन का भी आह्वान किया और कहा कि राष्ट्र निर्माण में शिक्षित वर्ग की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य नागेश्वर पति त्रिपाठी, कुंवर प्रताप सिंह एवं ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुधीर राव ने स्वागत भाषण देते हुए मुख्य अतिथि के जनसेवा, शिक्षा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े योगदान की सराहना की तथा उनके सम्मान को संस्था के लिए गौरव का विषय बताया

समारोह के दौरान अग्निवेश मणि, विवेक सिंह ‘बंटी’, विश्वास मणि, डॉ. राजीव प्रताप राव सहित अनेक गणमान्य लोगों ने माल्यार्पण कर मुख्य अतिथि का अभिनंदन किया। उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनका स्वागत कर कार्यक्रम को उत्साहपूर्ण बना दिया।कार्यक्रम का प्रभावी संचालन अंग्रेजी प्रवक्ता अजय वर्मा ने किया, जबकि वरिष्ठ शिक्षक सत्येंद्र कुमार उपाध्याय ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया


समारोह में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी, स्काउट-गाइड के सदस्य, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन ने शिक्षा, लोकतांत्रिक जागरूकता और सामाजिक सहभागिता का सशक्त संदेश दिया, वहीं स्नातक मतदाता पंजीकरण को लेकर लोगों में नई चेतना और उत्साह का संचार भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *