बांसगांव थाना क्षेत्र के भुसवल बुजुर्ग गांव में सोमवार देर रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, भुसवल बुजुर्ग गांव निवासी बबीता सिंह (34 वर्ष) पत्नी विपिन सिंह सोमवार रात घर पर अकेली थीं। परिवार के अन्य सदस्य घर के समीप पारस सिंह के यहां आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात करीब 11:30 बजे जब उनके पति विपिन सिंह घर लौटे तो काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।
स्थिति संदिग्ध लगने पर विपिन सिंह छत के रास्ते घर के अंदर पहुंचे। कमरे का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। बबीता सिंह फंदे से लटकी हुई थीं। उन्होंने तत्काल परिजनों और आसपास के लोगों को सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना मिलने पर बांसगांव पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य एकत्र करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के मुताबिक, बबीता सिंह का विवाह करीब दस वर्ष पहले हुआ था। उनके परिवार में पति के अलावा 10 वर्षीय पुत्र आदित्य सिंह है। घटना के बाद मासूम बेटे और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक और स्तब्धता का माहौल है।
थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन महिला ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।