पेपर लीक के विरोध में भाकपा (माले) का उपवास, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे व एनटीए भंग करने की उठी मांग

बांसगांव से सुबास चंद की रिपोर्ट –

देशभर में लगातार हो रहे पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं के विरोध में भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन, इंकलाबी नौजवान सभा (आरवाईए) और आइसा के संयुक्त आह्वान पर गुरुवार को नगर निगम पार्क, गोरखपुर में प्रदेशव्यापी उपवास कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व भाकपा (माले) के जिला सचिव राकेश सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक और परीक्षा घोटालों से लाखों छात्रों और युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने तथा राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) को भंग कर पारदर्शी, निष्पक्ष और जवाबदेह परीक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की।


राकेश सिंह ने बताया कि इन्हीं मांगों को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 जून से आंदोलन जारी है और 28 जून से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल भी चल रही है। उन्होंने कहा कि गोरखपुर का यह उपवास उसी आंदोलन के समर्थन में आयोजित किया गया।
जन संस्कृति मंच के राष्ट्रीय महासचिव मनोज सिंह ने अपने संदेश में कहा कि पेपर लीक केवल प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि युवाओं की मेहनत और उनके भविष्य के साथ गंभीर अन्याय है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और विश्वसनीय परीक्षा प्रणाली लागू करने की मांग की।
उपवास कार्यक्रम में भाकपा (माले) के जिला कमेटी सदस्य प्रभुनाथ सिंह, इंकलाबी नौजवान सभा के सुभाष गुप्ता, नंदू प्रसाद, अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा के जिला सचिव विनोद भारद्वाज, महिला नेता पुष्पा चौहान, सुदामा प्रसाद, एहतेशाम हक़, सुग्रीव निषाद, हरिद्वार प्रसाद, मनोज निषाद, पिति निषाद, शांति यादव, बिन्दु, रामजी मौर्य, यदुवंश, राममंदिर, राम अचल, रामसबल, राजेश चौहान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और छात्र-युवा शामिल रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, एनटीए को भंग करने तथा जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र-युवा आंदोलन के समर्थन में एकजुटता व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *