व्यापारियों की सुरक्षा पर मंथन, साइबर अपराध पर पुलिस सख्त श्रीनिवास तिवारी की खास रिपोर्ट –
कुशीनगर के हाटा कोतवाली परिसर में व्यापारियों की सुरक्षा और बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में नवागत प्रभारी निरीक्षक दीपक कुमार सिंह का व्यापार मंडल ने जोरदार स्वागत किया। पुलिस ने व्यापारियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए हर शिकायत पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
हाटा कोतवाली में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल, हाटा इकाई के पदाधिकारियों और व्यापारियों के साथ आयोजित बैठक में नगर की कानून-व्यवस्था, बाजारों की सुरक्षा, एंटी रोमियो स्क्वाड की सक्रियता, ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराध जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
नवागत प्रभारी निरीक्षक दीपक कुमार सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप व्यापारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक बिंदुओं को डायरी में दर्ज कराया और संबंधित मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन के सकारात्मक रवैये की सराहना करते हुए बेहतर समन्वय के साथ अपराध नियंत्रण में सहयोग का भरोसा जताया।
इस दौरान नगर इकाई प्रमुख उदयभान कुशवाहा, महामंत्री एवं सभासद मनीष रूंगटा, वरिष्ठ व्यवसायी गोरख सिंह, विशाल वर्मा, भाजपा जिला प्रतिनिधि अभिषेक शर्मा, दिव्यांशु मोदनवाल, राकेश मोदनवाल, रमेश सिंह, अरविंद बरनवाल, सुशील त्रिपाठी, धनंजय मद्धेशिया सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।