कारगिल विजय दिवस पर सैनिकों के सम्मान में अनूठी पहल, छात्राओं की राखियां और संदेश पहुंचेंगे सीमा पर

कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक एवं पंडित महामना फाउंडेशन ट्रस्ट के संस्थापक सचिन गौरी वर्मा के नेतृत्व में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी भारतीय सेना के वीर जवानों के सम्मान में एक भव्य पेंटिंग प्रतियोगिता एवं “राखी एवं धन्यवाद-पत्र संग्रह अभियान” का आयोजन किया जा रहा है।
यह प्रेरणादायी अभियान युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित माय भारत केंद्र, गोरखपुर द्वारा जनपद के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य युवाओं एवं छात्र-छात्राओं में राष्ट्रप्रेम, सैनिकों के प्रति सम्मान तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करना है।

इसी क्रम में चौरी चौरा स्थित नेहरू स्मारक बालिका इंटर कॉलेज में विद्यालय की प्रधानाचार्या सुनीता सिंह के मार्गदर्शन में कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय की छात्राएं अपने हाथों से सुंदर राखियां तैयार कर रही हैं तथा भारतीय सेना के वीर जवानों के नाम भावनात्मक धन्यवाद-पत्र एवं शुभकामना संदेश लिख रही हैं।

सभी छात्राओं द्वारा तैयार की गई राखियां एवं पत्र विद्यालय में एकत्रित किए जाएंगे, जिन्हें रक्षाबंधन से पूर्व सचिन गौरी वर्मा एवं उनकी टीम द्वारा देश की सीमाओं पर तैनात भारतीय सैनिकों तक भेजा जाएगा, ताकि सीमा पर तैनात वीर जवानों तक देशवासियों के स्नेह, सम्मान और शुभकामनाओं का संदेश पहुंच सके।
सचिन गौरी वर्मा ने कहा कि “हमारे सैनिक दिन-रात देश की सुरक्षा में समर्पित रहते हैं। यह अभियान उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक छोटा-सा प्रयास है। जब किसी बहन के हाथों से बनी राखी और बच्चों के स्नेहभरे पत्र सीमा पर तैनात जवानों तक पहुंचते हैं, तो यह पूरे राष्ट्र की भावनाओं का प्रतीक बन जाता है।”
इस अभियान को सफल बनाने में माय भारत केंद्र गोरखपुर के स्वयंसेवक रितिका सिंह, सन्नो सिंह, सोनिका सिंह, खुशबू सिंह, नताशा सिंह, श्रेया जायसवाल, गीता निषाद, रिया वर्मा एवं काजल वर्मा सक्रिय रूप से अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। पूरे जनपद में इस अभियान को लेकर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।