सही उत्तर देकर खुशी सिंह ने जीता सम्मान, मेडल पहनाकर किया गया सम्मानित

चौरी चौरा। गंगा प्रसाद बालिका इंटर कॉलेज में कक्षा 7 में अध्ययनरत छात्रा खुशी सिंह पुत्री राघवेंद्र सिंह ने अपनी प्रतिभा और त्वरित सोच का उत्कृष्ट परिचय देते हुए कक्षा में पूछे गए रिजनिंग के प्रश्न का सबसे पहले और सही उत्तर देकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। खुशी के इस प्रदर्शन पर पंडित महामना फाउंडेशन ट्रस्ट के संस्थापक एवं राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार, सचिन गौरी वर्मा ने उसे मेडल पहनाकर सम्मानित किया।

यह प्रश्न विद्या सेतु ग्लोबल इंस्टीट्यूट में आयोजित विशेष कक्षा के दौरान शिक्षक धीरेन्द्र आर्य द्वारा विद्यार्थियों से पूछा गया था। प्रश्न का उत्तर देने के लिए विद्यार्थियों के बीच उत्सुकता रही, लेकिन खुशी सिंह ने अपनी तार्किक क्षमता का परिचय देते हुए पूरे कक्षा में सबसे पहले और एकमात्र सही उत्तर दिया।
खुशी की इस उपलब्धि पर उसे प्रोत्साहित करते हुए सचिन गौरी वर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रहकर अपनी तार्किक क्षमता, सोचने-समझने की शक्ति और आत्मविश्वास को भी विकसित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कक्षा में सही उत्तर देने जैसे छोटे-छोटे प्रयास विद्यार्थियों के भीतर आगे बढ़ने का आत्मविश्वास पैदा करते हैं।
मेडल प्राप्त कर खुशी सिंह काफी उत्साहित नजर आई। इस अवसर पर शिक्षक धीरेन्द्र आर्य सहित अन्य विद्यार्थियों ने भी खुशी का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में अध्ययन के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को पहचानना और उन्हें निरंतर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना रहा।

आशुतोष कुमार पाण्डेय की खास रिपोर्ट।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *