इतिहास के पन्नों से निकली चौरी चौरा की कहानी, निबंध प्रतियोगिता में छात्राओं का शानदार प्रदर्शन

चौरी चौरा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत केंद्र गोरखपुर एवं पंडित महामना फाउंडेशन ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को विद्या सेतु ग्लोबल इंस्टीट्यूट में “चौरी चौरा का इतिहास” विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। “सेवा मेरा योगदान” अभियान के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और अपने निबंधों के माध्यम से चौरी चौरा की ऐतिहासिक विरासत, स्वतंत्रता संग्राम में इसके महत्व, बलिदान, राष्ट्रभक्ति एवं देशप्रेम की भावना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता में मुंडेरा बाजार निवासी जाह्नवी गुप्ता, पुत्री मनोज गुप्ता ने प्रथम, रोशनी अंसारी ने द्वितीय, जबकि रितिका, पुत्री पिंकू कुमार एवं राबिया, पुत्री खुर्शीद अहमद ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों को राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक सचिन गौरी वर्मा द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को युवा गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए माय भारत केंद्र गोरखपुर में नेहरू स्मारक बालिका इंटर कॉलेज की कॉलेज एंबेसडर के रूप में जिम्मेदारी भी सौंपी गई। विभाग की ओर से उन्हें सरकारी पहचान पत्र प्रदान कर युवाओं में नेतृत्व एवं सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक सचिन गौरी वर्मा ने कहा कि “चौरी चौरा केवल इतिहास का एक अध्याय नहीं, बल्कि युवाओं को साहस, देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी की प्रेरणा देने वाली ऐतिहासिक विरासत है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने स्थानीय इतिहास को जानने, समझने और उससे प्रेरणा लेने का अवसर मिलता है।” उन्होंने युवाओं से देश के गौरवशाली इतिहास को जानने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण एवं समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में शिक्षक दीपक आर्या, धीरेंद्र आर्या सहित शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों में इतिहास के प्रति रुचि, लेखन कौशल, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया।

आशुतोष कुमार पाण्डेय की खास रिपोर्ट।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *