सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बांसगांव में मंगलवार को सेवानिवृत्त एवं स्थानांतरित कर्मचारियों के सम्मान में भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में फार्मासिस्ट सतेंद्र यादव, एनएमए महेन्द्र त्रिपाठी तथा एएनएम संध्या गौड़ के सेवानिवृत्त होने एवं वरिष्ठ लिपिक अजय श्रीवास्तव के उनके गृह जनपद वाराणसी स्थानांतरण पर उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
समारोह का शुभारंभ उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा स्वागत के साथ हुआ। इसके उपरांत सभी सेवानिवृत्त एवं स्थानांतरित कर्मचारियों का माल्यार्पण कर सम्मान किया गया। उन्हें अंगवस्त्र, बांसगांव की कुलदेवी मां दुर्गा का चित्र तथा स्मृति-चिह्न भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कर्मचारियों की कार्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं स्वास्थ्य सेवाओं में उनके महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन कर्मचारियों की सेवाएं सदैव संस्थान और क्षेत्र के लोगों को याद रहेंगी।
कार्यक्रम के दौरान राकेश चंद एवं विनय पाठक द्वारा प्रस्तुत विदाई गीत ने माहौल को भावुक बना दिया। गीत सुनकर उपस्थित कई कर्मचारियों की आंखें नम हो गईं और सभी ने अपने साथियों को शुभकामनाओं के साथ विदा किया।
इस अवसर पर अधीक्षक डॉ. के.एम. अग्रवाल, डॉ. सी.एस. जोशी, डॉ. धीरज शाही, उपेंद्र मणि त्रिपाठी, चीफ फार्मासिस्ट अजय मिश्रा, फार्मासिस्ट बाबूराम चौधरी, अनिल दीक्षित, मनोज गुप्ता, राजकुंवर यादव, दीनदयाल दुबे, रतन पाण्डेय, रमेश सिंह, विमलेश कुमार, उमेश कुमार, मदन, दीपक सिंह राजा, प्रभात सिंह, महान राय, विवेक गौतम सहित समस्त एएनएम एवं अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे।